Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में छाए रह सकते हैं बादल और गिरेगा पारा, कोहरा बढ़ने के आसार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड होने लगी है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ के नीचे पहुंच गया है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जिसके कारण अब रात के समय ठंडक पिछले दिनों की तुलना में ज्यादा होने लगी है। उधर, सुबह के समय कोहरे ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। 

प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 23 से 28 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 24, 25 और 26 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर घना कोहरा पड़ने की उम्मीद है।

बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते 23 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे। इससे न्यूनतम तापमान में औसतन 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। छिछले से मध्यम कोहरे (दृश्यता: 999-200 मीटर) की संभावना है। उसके बाद कोहरे के घनत्व बढ़ने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर से नीचे चले जाने के भी आसार हैं।
शुक्रवार को अयोध्या में सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। गाजीपुर में 6.4℃, नजीबाबाद में 6.5℃, मुजफ्फरनगर में 6.2℃ और मेरठ में 7.3℃ न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है। इसके साथ ही मुरादाबाद में 8.7℃, शाहजहांपुर में 7.5℃, बरेली में 7.6℃, हमीरपुर में 8.2℃, फतेहगढ़ में 8.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा है। सुल्तानपुर में 7.2℃, फतेहपुर में 8.2℃, कानपुर शहर में 8.2℃, गोरखपुर में 8.7℃, बहराइच में 8.6℃ और प्रयागराज में 9.3℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
'