Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में लगातार पछुआ दिखा रहा जोर, सूर्य देव की तपिश हुई कमजोर, लुढ़का पारा...

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश में न्यूनतम के साथ- साथ अधिकतम तापमान में आ रही गिरावट ने लोगों को ठंडक का अहसास कराना शुरू कर दिया है। राजधानी लखनऊ से नोएडा और गाजियाबाद तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, बरेली, मेरठ और मुजफ्फरनगर में तापमान तेजी से नीचे गया है। इस कारण यहां सबसे अधिक सर्दी का अहसास हो रहा है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो जिले में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर में सबसे कम 5.4 डिग्री और बरेली में 5.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इस तरह न्यूनतम तापमान लुढ़कने से रात के समय ठंडक भी धीरे धीरे बढ़ती जा रही है।
प्रदेश में 14 दिसम्बर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, इस अवधि में पश्चिमी यूपी के उत्तरी भाग (तराई क्षेत्र) में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा (सतही दृश्यता 50 मीटर से 199 मीटर) होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी यूपी के उत्तरी भाग (तराई क्षेत्र) में अलग अलग स्थान पर घना कोहरा (सतही दृश्यता 50 मीटर से 199 मीटर) होने की संभावना है। ऐसे ही 15 दिसंबर से लेकर 19 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार है।

मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मुजफ्फरनगर में सबसे कम 5.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है। ऐसे ही बरेली में 5.5 डिग्री, मेरठ में 6.4 डिग्री, अयोध्या में 6.5 डिग्री, नजीबाबाद में 7.2 डिग्री, शाहजहांपुर में 7.7 डिग्री और फुरसतगंज में 7.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इसके साथ ही कानपुर शहर में 8.0 डिग्री, गोरखपुर में 9.3 डिग्री, ग़ाज़ीपुर 10, बलिया में 9.5 डिग्री, बहराइच में 9.8 डिग्री, सुल्तानपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
'