Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में आज से अगले 3 दिनों तक होगी बारिश, ओले गिरने का भी अनुमान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बाद अब बारिश के आसार बन गए हैं। मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार को 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यही नहीं, अब 7 दिन तक बारिश-ओला की चेतावनी दी गई है। 30 से 40 KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। अनुमान है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है यानी सर्दी कुछ कम हो सकती है।
वहीं, गोरखपुर 5.8°C के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा। ये सामान्य से 5°C तक कम रहा। फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, बस्ती, झांसी, उरई और हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है, वहीं अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से लेकर 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 24 घंटे में घने कोहरे की वजह से लखनऊ आई फ्लाइट और ट्रेनों पर असर पड़ा। 30 से ज्यादा ट्रेनें 8-10 घंटा लखनऊ लेट पहुंची। मुंबई की फ्लाइट भी लखनऊ में लैंड नहीं कर सकी। वापस मुंबई के लिए डायवर्ट कर दी गई।
फरवरी के दूसरे सप्ताह से पारा बढ़ेगा
कानपुर में सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि यूरोपियन जेट स्ट्रीम भारत के उत्तर एवं उत्तर-पश्चिम भाग में पश्चिमी हवाओं को लाने में मदद करती हैं। इस बार यह स्ट्रीम लंबे समय तक बनी रही और नीचे की ओर रही। इससे शीत लहर लंबी चली।
हालांकि, अब स्ट्रीम का विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत को पहाड़ों से आ रहीं हवाएं परेशान करेंगी। अनुमान है कि 14 फरवरी तक सर्दी का दौर जारी रहेगा। धीरे-धीरे धूप में तेजी आएगी। सर्दी कम होगी।
इसलिए चला शीतलहर का लंबा दौर
डॉ. पांडेय ने बताया कि मकर संक्रांति के बाद भौगोलिक स्थिति बदली है। इससे अब जेट स्ट्रीम की दिशा बदल जाएगी। बेहद हल्की रहेगी। यूरोपियन जेट स्ट्रीम पर सूरज की गर्मी भारी पड़ेगी। किरणें सीधे पड़ेंगी इसलिए हवा सर्द नहीं रह जाएगी।
वे 21 जिले जहां आज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां छिटपुट बारिश हो सकती है। इनमें ज्यादातर जिले पश्चिम के हैं। इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं हैं।
12 जिलों में छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में घना कोहरा छाएगा। वहीं सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच कोल्ड डे की चपेट में रहेंगे।
हमीरपुर सबसे गर्म, गोरखपुर रहा सबसे ठंडा
24 घंटों के दौरान अयोध्या, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर में दिन का तापमान तेजी से बढ़ा है। यहां औसत तापमान 20°C रहा है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 25.2°C हमीरपुर में दर्ज किया गया। गोरखपुर में सबसे कम 5.8°C रहा है।
मस्कट, कोलकाता, दुबई समेत कई रूट की फ्लाइट लेट
कोहरे की वजह से ट्रेन और फ्लाइट लेट होने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को अमौसी एयरपोर्ट से वाराणसी जाने वाला विमान उड़ नहीं पाया। इसके अलावा, लखनऊ आने वाले विमानों में मस्कट की उड़ान डेढ़ घंटे, कोलकाता से आने वाली उड़ान सवा घंटे, दुबई का विमान दो घंटे, रियाद की फ्लाइट एक घंटे की देरी से आईं। प्रयागराज से आने वाला विमान भी देरी से आया।
30 से ज्यादा ट्रेन हुई लेट
फ्लाइट के अलावा ट्रेन भी लेट पहुंच रही हैं। करीब 30 से ज्यादा ट्रेन अपने निर्धारित समय से लेट रही। इसकी वजह से 10 हजार से ज्यादा यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि वेटिंग रूम में लोग घंटों बैठे रहे।
'