Today Breaking News

कृपया संज्ञान लें! गाजीपुर में चाइनीज मांझे में फंसकर जा रही पक्षियों की जान, इंसान भी बन रहे शिकार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मकर संक्रान्ति बीतने के साथ ही मानव बस्तियों के पास सैदपुर क्षेत्र के पेड़ों और झाड़ियो में बड़े पैमाने पर फंदे की तरह खतरनाक चाइनीज मांझे का जाल बिछ गया है। पेड़ों में उलझे ये मजबूत धागे वर्षों तक बड़े पैमाने पर पक्षियों की जान ले रहें हैं। बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद, प्रशासन की लापरवाही और लोगों में जागरूकता की कमी के कारण, इसकी अवैध बिक्री पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि न्यायालय की रोक और सरकार के प्रतिबंध के बावजूद वर्षों से खतरनाक चाइनीज मांझे की बिक्री लगातार होती आ रही है। जिससे लगातार पशु पक्षियों सहित इंसान भी घायल होकर, जान गंवा रहे हैं। लेकिन प्रशासन इसे लेकर कतई गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है। मकर संक्रांति त्योहार पर पतंग बाजी के लिए बड़े पैमाने पर इसकी बिक्री की गई है। जो पतंग के साथ उड़ते हुए बड़े पैमाने पर मानव बस्तियों के पास के पेड़ों और झाड़ियों में उलझ गए हैं। इसके साथ ही सड़कों और नालियों में जहां-तहां खतरनाक चाइनीज मांझे बिखरे हुए हैं।

चाइनीज मांझे से इंसानों सहित पशु पक्षियों के लिए जानलेवा बनते जा रहे हैं। इनके उलझने के कारण क्षेत्र के पेड़ों और झाड़ियां में इनका जाल बिछ गया है। जिसमें उलझ कर मानव बस्तियों के आसपास रहने वाले विभिन्न प्रकार के पक्षी अपनी जान गंवा रहे हैं। यह धागे पेड़ों पर रहने वाले कौवे, उल्लू, तोते, कबूतर, मैना, टेटा और गौरैया के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

'