Today Breaking News

बहन-बेटी को छेड़ने की कोशिश की तो अगले चौराहे पर उसका राम नाम सत्य - CM योगी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, संतकबीरनगर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। इस बार केन्द्र में सरकार बनी तो देश विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। मुख्यमंत्री संतकबीरनगर के मगहर स्थित कबीरचौरा में चल रहे कबीर मगहर महोत्सव के समापन समारोह और परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मगहर में संत कबीर की समाधि और मजार पर पहुंचकर चादर चढ़ाई। महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब देश शक्तिशाली होता है तो समृद्ध भी होता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से पांचवीं अर्थव्यवस्था बना है। अगली बार केन्द्र में सरकार आई तो भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा।  
उन्होंने कहा कि समृद्धशाली हो रहे देश में 24 करोड़ और प्रदेश में 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। सभी को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 360 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। सीएम योगी ने कहा, संतकबीरनगर अपना मेडिकल कॉलेज हो। इसके लिए जमीन चिह्नित करिए। निर्माण कार्य की कार्रवाई को भी आगे भी बढ़ाया जाए। इसके लिए सुरक्षा का भी माहौल होना चाहिए। इन्टीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जहां से एक ही जगह से बैठक पूरे नगर और जनपद के प्रमुख स्थानों की सीसीटीवी से एक-एक जगह की जानकारी वहां पर कैद होती रहेगी। सीएम योगी अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा, अगर किसी ने बदमाशी करने का प्रयास किया, किसी बहन और बेटी को छेड़ने की कोशिश की तो अगले चौराहे पर पुलिस उसे दबोच लेगी, वह भाग नहीं पाएगा। तब उसका रामनाम सत्य हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण समय है, जब हम तकनीक का उपयोग करते हुए हर नागरिक को सुरक्षा की गारंटी दे सकते हैं। सुरक्षा के वातावरण में ही विकास होता है। प्रदेश में अगर लोगों को सुरक्षा की गारंटी न देते तो 2017 के पहले जैसी अराजकता की स्थिति होती। न निवेश होता न विकास होता और हम सब अपनी पहचान के लिए मोहताज होते। लेकिन जनता ने अवसर दिया तो प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद उन्हें सुरक्षा की गारंटी दी। आज सुरक्षित वातावरण में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। विकास की योजनाएं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कबीर के बगैर मगहर सचमुच नरक है। मध्य काल में संत कबीर ने इस चुनौती को स्वीकार किया। यहां की मिट्टी नमकीन थी, पानी भी खारा था। संत कबीर के चमत्कार से यहां की ऊसर धरती हरी-भरी हो गई। साथ ही आमी नदी का खारा पानी भी मीठा हो गया। पूरा जनपद चमत्कृत हो उठा। कबीर महोत्सव जनपद की पहचान है।
'