Today Breaking News

उत्तर प्रदेश का मौसम बदल गया है...2 दिन में गाजीपुर समेत 28 जिलों में होगी बारिश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश का मौसम बदल गया है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। सुबह और शाम के समय सर्दी का एहसास हो रहा है। कानपुर, आगरा जैसे कई शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे चला आया है। अयोध्या और बिजनौर का तापमान 6.0°C तक पहुंच गया है।

शनिवार देर रात कानपुर में बारिश भी हुई है। इसी बीच मौसम विभाग ने 28 शहरों बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि 26 फरवरी को 7 शहरों और 27 को 21 शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शनिवार को बहराइच में तापमान में 6.0°C की गिरावट दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। यहां तापमान 7.0°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, वाराणसी प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा। यहां 27.5°C दर्ज किया गया।

CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो रहा है। पाकिस्तान के ऊपर बनने वाले इस चौथे विक्षोभ का असर भी मैदानों पर पड़ना तय है। दिल्ली से कानपुर तक तेज हवाएं और ओलावृष्टि और बारिश तक की संभावना है। 19 फरवरी के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे चला गया है।

डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि आसमान साफ रहने और उत्तर पश्चिम तेज हवाओं के कारण रात में सर्दी का एहसास रहा। खासकर सुबह के समय हवा की रफ्तार में तेजी आ गई। इससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 12.6 से 9.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम पारा सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा।

शनिवार देर रात कानपुर में हल्की बारिश हुई।

डॉ.पांडेय ने बताया कि तेज धूप के बावजूद लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ। इसका कारण दिन-रात चलीं बेहद तेज हवाएं रहीं। 9 फरवरी के बाद 45-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। औसत गति 9.6 किमी प्रति घंटा रही। 9 फरवरी को 9.6 किमी प्रति घंटा की औसत रफ्तार रही थी। उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण यह सर्द रहीं। इससे तेज धूप का असर खत्म हो गया।

आज से बढ़ेगा दिन का पारा

डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। क्षेत्रीय स्तर पर जरूर कुछ हल्की बारिश हुई। आगे भी हल्के बादल छा सकते हैं। तेज हवाएं जारी रहेंगी। अभी मौसम सामान्य रहेगा मगर 26 से 28 फरवरी तक बदलाव दिखेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण फिर बदलाव आएगा।

कहां-कहां बारिश होनी है, जानिए...

26 फरवरी को 7 जिलों में अलर्ट

प्रयागराज, वाराणसी, संतकबीर नगर, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र और गाजीपुर में बारिश की संभावना है।

27 फरवरी को 21 जिलों में बारिश

प्रयागराज, वाराणसी, संतकबीरनगर, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, चित्रकूट, ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया में बारिश के आसार हैं।

'