Today Breaking News

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में कल से बारिश के आसार, आंधी के साथ ओले गिरने की आशंका

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कल तक जहां प्रदेश में दोपहर के समय तेज धूप निकल रही थी और रात के समय ठीक-ठाक ठंड़ पड़ रही थी, वहीं अब बारिश का सिलसिला भी शुरू होने वाला है। हालांकि 29 फरवरी को मौसम शुष्क रहने के आसार है। लेकिन अगले महीने के शुरुआती दिन से प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 

मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह की माने तो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 1-3 मार्च तक आंधी के साथ बारिश और 2 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना है। लखनऊ में भी 1 मार्च से बादलों की आवाजाही शुरू होने और 2-3 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में 29 फरवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 1 मार्च से प्रदेश का मौसम फिर से बदल जाने के आसार हैं। मौसम विभाग की माने तो 1 मार्च को पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावनाएं जताई गई हैं। पूर्वी यूपी में पश्चिमी यूपी की तुलना में ज्यादा स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बादल गरजने, आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की स्पीड से झोंकेदार हवा चलने की भी उम्मीद जताई गई है।

वहीं मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के 1 मार्च से उत्तर प्रदेश को प्रभावित करने की संभावना है। 2 मार्च की सुबह तक इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों तक फैल जाने और रुक-रुक कर 3 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। 4 मार्च से इसमें कमी आने की सम्भावना है। इस दौरान 2 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी सम्भावना है। मौसम में इस बदलाव के कारण आसमान साफ रहेगा और 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट जबकि अधिकतम तापमान में 2-4°C का उछाल आने की संभावना है। 1 मार्च के बाद बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आने जबकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
'