Today Breaking News

अफजाल अंसारी बोले - बृजेश सिंह को बचाने के लिए मुख्तार को समाप्त करने की साजिश की जा रही है

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल ने बांदा से वापसी के बाद बुधवार को मीडिया से कई बातें कही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बृजेश सिंह को सजा से बचाने के लिए मुख्तार अंसारी को‌ समाप्त करने की साजिश चल रही है। यह कहीं से भी सफल नहीं होगी।
गाजीपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे अफजाल अंसारी ने कहा कि जब वे मुख्तार से मिले तो वह होश में थे। उनके होठ सूज गए थे और वे बेहद कमजोर हो गए हैं। अफजाल ने कहा कि इस खबर को मीडिया ने प्रमुखता से उठाया जिसकी वजह से प्रशासन को इलाज के लिए मुख्तार को मेडिकल कालेज में भर्ती कराना पड़ा।

अफजाल ने कहा कि वहां डॉक्टर भी स्वतंत्र नहीं हैं, वे अपना सही सुझाव तक वह नहीं दे सकते। वहां वर्दी वाले और बिना वर्दी के अधिकारी मौजूद रहे, जो हर बातचीत को गौर से सुन रहे थे। ऐसे में डॉक्टर सही जानकारी देने से बचते रहे। मैं तो यह कहता हूं कि क्रूरता को ही हथियार बना लिया गया है।

अफजाल ने कहा कि मुख्तार के लिए हजारों लोगों ने दुआएं कीं, जिसकी वजह से वे बचे हैं। यह सब बृजेश सिंह को बचाने के लिए किया जा रहा है। अगर बृजेश को बचाना है तो मुख्तार को खत्म कराना होगा। मुकदमे में गवाही देने से पहले मुख्तार को मारने की साजिश है। यह सब बृजेश के खिलाफ मुकदमे में गवाही देने से मुख्तार को रोकने के लिए हो रहा है।

अफजाल ने कहा कि गाजीपुर में हमसे लड़ने वाला कोई नहीं है। यही वजह है कि अभी तक पार्टियां यह तय नहीं कर पाई हैं कि चुनाव में किसे उतारें। जनता स्वतंत्र है लेकिन सरकारी अधिकारी सत्ता के इशारे पर काम कर रहे हैं। मीडिया के कुछ हिस्सों में यह बातें आ रही हैं, अन्यथा वे अपनी साजिश को अंजाम दे देते।

अफजाल ने मनोज सिन्हा पर भी तंज कसा और कहा कि जब नया परिसीमन हो रहा था तो मनोज‌ सिन्हा ने अपने लिए बलिया संसदीय क्षेत्र बनवाया। तब उन्होंने अपनी जाति के लोगों के बड़े गांवों को बलिया लोकसभा में शामिल कराया लेकिन 2009 में उन्हें मुंह की खानी पड़ी।

अफजाल ने कहा कि सिन्हा गाजीपुर से 9 बार लड़ चुके हैं और सिर्फ दो बार जीते हैं। भाजपा अगर प्रत्याशी बदलेगी तो‌ यह बात मनोज सिन्हा को बर्दाश्त नहीं होने वाला है। अंसारी ने कहा कि बीजेपी वाले तो कह रहे हैं कि पहले पिता का झोला उठाया अब बेटे का उठाना पड़ेगा।

अफजाल ने कहा कि गाजीपुर में पिछले 40 साल से एक ही बैट्समैन पिच पर टिका है और बैटिंग कर रहा है। हम भले ही आउट हो जाए लेकिन जनता के दिलों में हमारी जगह है और जनता हमारे साथ है।

'