Today Breaking News

Today UP Weather Update: आंधी, बारिश के बीच आज भी ओले गिरने के आसार; पढ़े ताज़ा मौसम की जानकारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। शुक्रवार की रात लखनऊ के कुछ इलाकों में हल्की तो कुछ में तेज बारिश हुई। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि शनिवार से सोमवार तक तेज हवा के बीच रुक रुक कर बारिश की बौछार पड़ सकती है। लखनऊ में मेघ गर्जन के साथ कहीं कहीं पर बिजली गिरने का भी अंदेशा है। वहीं यूपी के कुछ जिलों में ओले गिरने के आसार हैं। मौसम केन्द्र के अनुसार लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 27, न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 30.5 दर्ज किया गया। रात का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने अगले दो माह का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार लखनऊ और आसपास के कई जिलों में इस बार मार्च में सामान्य से अधिक वर्षा होगी। यह पूर्वानुमान वर्ष 1970 से 2023 के बीच मौसम विभाग के आंकड़ों का अध्ययन करने के बाद जारी किया गया है। अप्रैल और मई माह में भीषण गर्मी पड़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान अधिक रहेगा।
वहीं ब्रज में दोपहर बाद अंधड़ के साथ बारिश हुई। मथुरा के कुछ इलाकों में ओले गिरने की सूचना है। वहीं मैनपुरी में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक और आगरा में आंधी के दौरान बिजली का तार टूटने से एक होमगार्ड की मौत हो गई।
बता दें कि मौसम विभाग ने ब्रज में दो दिन अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया था। शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक बादल छाने लगे। आगरा के राजस्थान से सटे ग्रामीण अंचल में तेज बारिश हुई। वहीं शहरी क्षेत्र में तेज तो कभी धीमी बारिश होती रही। वहीं, थाना जगनेर क्षेत्र के गांव सिंगायच में आंधी के दौरान घर के आगे टहल रहे होमगार्ड जवान मुकेश पाराशर के ऊपर बिजली का तार टूटने से मौत हो गई। इधर, मैनपुरी के करहल स्थित ग्राम किरथुआ में खेतों पर गया 20 साल के युवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। एटा-कासगंज और फिरोजाबाद में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बरसात हुई। मथुरा के कोसीकलां में शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और साथ में ओले भी गिरे।
ताजनगरी में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली। दोपहर बाद बादल छा गए, धूल भरी हल्की तेज हवाएं चलीं। शाम को पूरे शहर में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश देखने को मिली। इससे सर्दी और नमी की वापसी हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी अंधड़, बारिश और ओले गिरने की आशंका है। दिन का पारा 24 डिग्री के आसपास हो सकता है। यानि दिन के तापमान में पांच डिग्री गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार से बदलाव के संकेत दिए थे। शनिवार तक का अलर्ट जारी किया था। इसके मुताबिक सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम को समय बादल गहरा सकते हैं। आंधी या तेज रफ्तार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। गरज के साथ बौछारें भी पड़ने के आसार जताए गए। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई थी। शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम पलटा। करीब चार बजे बादल गहरा गए, धूल भरी हवाएं चलीं और 430 पर कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। बाद में कई स्थानों पर कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश देखी गई। नमी की अधिकता के साथ सुबह और शाम की सर्दी बढ़ गई है।

'