Today Breaking News

साली संग ठुमके लगाने पर पत्नी ने पति पर बरसाईं चप्पल, मामला पहुंचा पुलिस के पास

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. एक युवक ने साली के साथ ठुमके लगाए तो मामला पुलिस के पास आ पहुंचा। मामला ठुमके लगाने तक ही सीमित नहीं रहा। छज्जे पर पत्नी खड़ी थी। उसने पति को एक घंटे तक बिना रुके डांस करते देखा तो गुस्से में आ गई। ऊपर से ही चप्पल फेंककर पति में मार दी। शनिवार को परिवार परामर्श केंद्र में दोनों के बीच समझौता कराया गया। समझौते की शर्त ये है कि पति उसकी बहन से फोन पर बात नहीं करेगा। 
युवक कागारौल क्षेत्र का निवासी है। मथुरा निवासी युवती से 2012 में शादी हुई थी। एक बच्चा भी है। ससुराल में शादी थी। पत्नी मथुरा गई हुई थी। पति भी वहां पहुंचा। डांस हुआ तो पति मर्यादा भूल गया। ऐसा डांस किया कि बवाल हो गया। पत्नी ने गुस्से में पति को सबके सामने चप्पल मार दी। पति को लगा उसकी बेइज्जती हो गई। वह वहां से लौट आया। पत्नी भी मायके में ही रुक गई। यह मामला पुलिस के पास आया। 
शनिवार को परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्ष बुलाए गए थे। काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह दहेज की मांग नहीं थी। दोनों को समझाया गया। पत्नी ने शर्त रखी कि पति फोन पर उसकी बहन से बात नहीं करेगा। उसके घर जाया करेगा तो बहन से बात नहीं किया करेगा। उससे दूर ही रहेगा। पति भी इस बात के लिए तैयार हो गया। उसने कहा कि वह ससुराल ही जाने से बचेगा। दोनों में समझौता हो गया।
'