Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले गुंडे सुरक्षित थे, अब आमजन - सीएम योगी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस, बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडे सुरक्षित थे, आम जन असुरक्षित। आज गुंडे असुरक्षित और आमजन सुरक्षित है।
सीएम ने प्रबुद्धजन से अपने-अपने लोकसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर आमजन को एक-एक वोट की ताकत समझाने की अपील की। सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर भी प्रदेश में दंगा पालिसी के जरिए अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

ग्रेटर नोएडा के जीएल बजाज कालेज में भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों के भ्रष्टाचार के कारण उत्तर प्रदेश का विकास नहीं हुआ। कोई नई परियोजनाएं पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में नहीं आई। माफिया-गुंडों का राज था। प्रदेश बीमारू राज्य बन गया था। 2014 से पहले देश समस्याओं से घिरा था।

नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद दुनिया का नेतृत्व करने वाले नए भारत का उदय हुआ। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के मात्र तीन साल के अंदर यानी 2027 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। इसमें उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भूमिका होगी।

2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश ने विकास की गति पकड़ी। जेवर में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने का निर्णय किया। अब हर कोई नोएडा की तरफ देख रहा है। एयरपोर्ट के निर्माण के बाद बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश हुआ। इसका लाभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश को नहीं बल्कि समूचे राज्य को मिल रहा है।

एयरपोर्ट के बन जाने के बाद उत्तर प्रदेश की आर्थिकी में एक लाख करोड़ की वृद्धि होगी।

हाथरस में सीएम ने कहा, यह चुनाव तुष्टीकरण बनाम भारत की आस्था के बीच है। लोगों ने 2014 से पहले की अराजकता देखी है। उसके बाद एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को भी साकार होते देख रहे हैं। जो लोग मोदी पर अंगुली उठाने का प्रयास कर रहे हैं, वे भारत के विकास में अवरोधक हैं।

बुलंदशहर में योगी ने कहा कि जातिवाद नहीं, हमें राष्ट्रवाद चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने बहकावे में आकर पहले गलत सरकारों का चुनाव किया, जिससे प्रदेश बदनाम हुआ और पहचान खोता रहा।
'