Today Breaking News

आजमगढ़ लोकसभा सीट से बसपा ने सबीहा अंसारी को उम्मीदवार बनाया, पति कांग्रेस के नेता हैं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. बसपा सुप्रीमो मायावती ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से नौंवी लिस्ट में सबीहा अंसारी को बसपा का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। आजमगढ़ लोकसभा में छठवें चरण के अर्न्तगत 25 मई को मतदान होना है। ऐसे में 29 अप्रैल से नामांकन पत्रों की खरीद शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्रों की खरीद के एक दिन पूर्व बसपा ने आजमगढ़ सहित तीन लोकसभा के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
सबीहा अंसारी कांग्रेस की महासचिव रह चुकी हैं। वहीं सबीहा अंसारी के पति मसहृद अहमद वर्तमान शहर कांग्रेस की नई कमेटी में उपाध्यक्ष हैं। सबीहा अंसारी वर्ष 2022 के लोकसभा उपचुनाव में जब आजमगढ़ संसदीय सीट से शाह आलम उर्फ गुड्‌डू जमाली बसपा के प्रत्याशी थे उस समय भी बसपा का प्रचार-प्रसार कर रही थी।

सबीहा अंसारी पहले कांग्रेस के सचिव थी। बाद में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का महासचिव बना दिया था। इससे पूर्व बसपा ने आजमगढ़ से भीम राजभर को अपना प्रत्याशी बनाया था।

24 अप्रैल को बसपा ने भीम राजभर को आजमगढ़ से शिफ्ट करते हुए सलेमपुर का प्रत्याशी बना दिया था। ऐसे में आजमगढ़ जिले में अल्पसंख्यक प्रत्याशी की तलाश की जा रही थी। उसी क्रम में सबीहा अंसारी पर बसपा ने भरोसा जताया है।

2018 से 2022 तक कांग्रेस की महासचिव रहीं सबीहा अंसारी जिले के पहाड़पुर में छोटे बच्चों के लिए किंडरगार्डेन स्कूल भी चलाती हैं। यहां बच्चों को शिक्षा दी जाती है।

मीडिया से बातचीत करते हुए बसपा प्रत्याशी सबीहा अंसारी ने पीडीए और एनडीए गठबंधन से चुनौती के सवाल पर कहा कि चुनौतियों से भागा नहीं जाता है बल्कि उनसे मुकाबला किया जाता है। आजमगढ़ की धरती क्रांतिकारी धरती है। यहां की जनता पढ़ी-लिखी है। और हर चीज को बहुत अच्छे से समझती है। सबीहा अंसारी का कहना है कि हर तरह की चुनौतियों से लड़ने के लिए हम तैयार हैं।
'