Today Breaking News

युद्ध की तरह बनाए लोकसभा चुनाव की रणनीति, झोंके ताकत - सीएम योगी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के चुनाव संचालन समिति के सदस्यों से कहा है कि चुनाव और युद्ध को कभी आसान नहीं मानना चाहिए। दोनों की प्रकृति एक सी है। युद्ध जैसी चुनौती मानकर चुनाव की रणनीति बनाएं और अति आत्मविश्वास से बचते हुए अपनी पूरी ताकत झोंक दें। मुख्यमंत्री गुरुवार को गोकुल अतिथि भवन में आयोजित संचालन समिति की बैठक में गोरखपुर, बांसगांव और संतकबीर नगर संसदीय सीट के लिए बनाई गई अलग-अलग चुनाव संचालन समिति के सदस्यों से संवाद कर रहे थे और सीटवार जीत का मंत्र दे रहे थे।
संचालन समिति के सदस्यों से मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय पूरे देश में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल बना हुआ है। जरूरत इस माहौल को वोट में बदलने की है। इसमें बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके अलावा पन्ना प्रमुख जितना सक्रिय रहेंगे, चुनाव परिणाम उतना ही जबरदस्त आएगा।

योगी ने कहा कि लगातार तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बनेगी, इसमें तनिक भी संदेह नहीं है पर सिर्फ आंकड़ों पर विश्वास करके निश्चिंत नहीं बैठना है। वोट सहेजने में बूथ समिति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति के पास एक-एक वोट का ब्यौरा होना चाहिए, जिससे हर मतदाता तक पहुंचने में दिक्कत न हो।

सरकार की उपलब्धियों व विकास योजनाओं की जानकारी आमजन को देने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों को हम बोल रहे हैं, उसे जनता बोलने लगे तो हमारा कार्य आसान हो जाएगा। पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से योगी ने कहा कि निरंतर जनसंपर्क की जिम्मेदारी उन्हें उठानी होगी। शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यापारी, सामाजिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संगठन सबसे मिलना होगा।

उन्हें डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को बताकर फिर एक बार मोदी सरकार के नारे को साकार करना है। बैठक के दौरान अपने अध्यक्षीय संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने मुख्यमंत्री को तीनों लोकसभा क्षेत्रों में संगठन की ओर से चलाए जा रहे चुनावी कार्यक्रमो और अभियानों की बिंदुवार जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए बहुत से कार्य किए हैं। साथ ही युवाओं के स्वावलंबन के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई हैं। ऐसे में महिलाओं और युवाओं के मतों को सहेजना काफी आसान होगा। वोट के लिए महिलाओं से संपर्क की जिम्मेदारी महिला मोर्चा संभाले और युवाओं को साधने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी क्षमता के साथ लगें।

योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास, जनकल्याण और आस्था के सम्मान के मुद्दे पर ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य किए हैं। 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में प्रभु राम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। हर पात्र को आवास, शौचालय, आयुष्मान, उज्ज्वला, सौभाग्य, पेंशन समेत अनेक योजनाओं का लाभ मिला है। युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार तो किसानों को बढ़ी हुई एमएसपी और सम्मान निधि मिल रही है। देश में 80 करोड़ और प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। विकास, जनकल्याण और आस्था के सम्मान के इस त्रयसूत्र से जीत का आधार तैयार करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में जनसंपर्क और आपसी संवाद लगातार होते रहना चाहिए। इसके लिए स्थानीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर हर विधानसभा क्षेत्र में टिफिन बैठक करें। इस बैठक में चुनाव को लेकर अब तक हुए कार्य पर मंथन करें और आगे के कार्यों की योजना बनाएं। उन्होंने छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर अन्य कार्यक्रमों के साथ ही चुनाव को लेकर बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों द्वारा अब तक किए गए कार्यों का सत्यापन करने के लिए भी कहा।

योगी ने कहा कि गोरखपुर में चुनाव एक जून को है, जब गर्मी प्रचंड रूप में रहेगी। प्रतिकूल मौसम में बूथ प्रबंधन व जनसंपर्क किसी भी तरह प्रभावित न हो, इसकी तैयारी अभी से करनी होगी। हर मतदाता भीषण गर्मी में भी मतदान करने पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की होगी।
'