Today Breaking News

गाजीपुर में 42 डिग्री सेल्सियस पार पहुंचा पारा, घरों से निकलना हुआ मुश्किल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक बार फिर पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। भीषण गर्मी, तपन और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को पारा 38 डिग्री सेल्सियस पर था। इससे लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन मंगलवार को फिर से पारा 42.7 दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.7 और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
तापमान में बढ़ोतरी के कारण आसमान से अंगारे बरस रहे थे। इसके कारण लोगों को दिन में बाहर निकलने में काफी जद्दोजहद का सामना करना पड़ा। सुबह दस बजे के बाद से होने वाली प्रचंड धूप लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। लोग सुबह और शाम के समय ही बाहर निकलना अधिक पसंद कर रहे हैं। वहीं पीजी कॉलेज कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.7 और न्यूनतम 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान और ऊपर जाने की संभावना है।

चिलचिलाती धूप से कैसे करें बचाव
सीधे धूप के संपर्क में आने से बचना चाहिए। कोशिश करें कि सुबह और शाम के समय ही बाहर का अपना कार्य निपटा लें। खानपान में स्वच्छता का ध्यान रखें। पेय पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करना चाहिए। ज्यादा भोजन नहीं करना चाहिए बल्कि पेट को थोड़ा खाली रखना चाहिए। गर्मी के दिनों में आरामदायक कपड़े पहने। मसालेदार भोजन का प्रयोग करने से बचना चाहिए। दोपहर 12 से तीन बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। नारियल पानी का प्रतिदिन सेवन करें। यह गर्मी को कम करता है। पुदीना, गुलकंद शरबत, खीरे का जूस, छाछ आदि का उपयोग करना चाहिए। ये सब चीजें गर्मी में काफी लाभकारी हैं।
'