Today Breaking News

मुख्तार अंसारी की मौत के बाद उमर के साथ पति से मिलने जेल पहुंची निखत बानो...देख रोने लगे अब्बास

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कासगंज. मुख्तार अंसारी की मौत के बाद अब्बास अंसारी से मिलने पत्नी निखत बानो और भाई उमर कासगंज जेल पहुंचे। जेल में भाई और पत्नी को देखते ही अब्बास भावुक होकर रोने लगे। इस दौरान निखत और उमर भी खुद को संभाल नहीं पाए। ये दोनों भी रोने लगे।
मंगलवार सुबह कासगंज जेल पहुंचे। दोनों ने पहले जेल की प्रक्रिया के तहत पर्ची बनवाई। उसके बाद दोनों को मिलने का समय दिया गया। अपनी बारी आने पर दोनों अब्बास अंसारी से मिलने कक्ष पर पहुंचे। दोनों को आधे घंटे तक मिलने का समय दिया गया।

जेल से बाहर आने पर उमर अंसारी भी भावुक दिखे। वो सीधा जाकर अपनी कार में बैठ गए। अब्बास से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा- पिता की मौत पर मेरा बड़ा भाई नहीं आ पाया। इस समय परिवार के लोगों को एक-दूसरे की जरूरत है। इसलिए मैं और भाभी भइया से मिलने जेल आए हैं। ये एक सामान्य मुलाकात थी। भइया पापा को बहुत याद कर रहे थे।

एक पिता के जाने के बाद बेटे का क्या हाल होता है, वही हाल अब्बास का है। वो खाना खा रहे हैं, रोजा भी रख रहे हैं लेकिन अंदर से बहुत दुखी हैं। जेल के कर्मचारियों से पता चला, पिता की मौत के बाद से वो काफी शांत रहने लगे हैं। जिस दिन पिता की मौत हुई थी, उस दिन वो बहुत रोए थे। बार-बार खुद को पिता के पास ले जाने के लिए बोल रहे थे।

उमर ने बताया, भइया जेल के अंदर रोज नमाज पड़ रहे हैं। पिता की आत्मा की शांति के लिए दुआ भी कर रहे हैं। एक बेटा अपने पिता को कभी कुछ दे नहीं सकता है। बस सारी उम्र दुआ कर सकता है। अब्बास की जमानत हाईकोर्ट में लंबित है। उम्मीद है जल्द ही उनको जमानत मिल जाएगी। कुछ ही दिनों में जमानत मिलने की उम्मीद है।
'