Today Breaking News

गाजीपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी बोले- 150 सीट पर ही सिमट जाएगी पूरी भाजपा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के 'अबकी बार 400 पार' के चुनावी नारे पर पलटवार किया। कहा कि पूरी एनडीए मिलकर इस बार 150 सीट का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी। अफजाल ने कहा कि देश भर में जनता तय कर चुकी है कि केंद्र सरकार को हटाना है।
अफजाल अंसारी ने गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी भाजपा को भारी नुकसान का दावा किया है। साथ ही कहा की यूपी में बीजेपी को आधी सीटों पर भी जीत नहीं मिलेगी। जनता चुपचाप अपना काम कर रही है। रिजल्ट आने दीजिए सब साफ हो जाएगा।

अफजाल अंसारी मुहम्मदाबाद के युसूफपुर फाटक स्थित अपने आवास पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे फेज के चुनाव से ही भाजपा को नुकसान शुरू हो गया है और आगे भी यही हाल रहेगा। सरजू के तट पर खड़ा होकर ब्राह्मण समाज गंगाजल लेकर संकल्पित हो रहा है, भाजपा को हराना है। वहीं हरिद्वार में क्षत्रिय समाज के लोग संकल्प ले रहे हैं कि भाजपा को इस बार हटाना है।

अफजाल अंसारी ने कहा कि 10 साल में भाजपा की हकीकत सभी को पता चल गई है। अबकी बार लोकसभा का चुनाव सिर्फ राजनीतिक दल ही नहीं जनता भी लड़ रही है। इसलिए वो अपना फैसला अच्छा ही सुनाएगी।

अफजाल अंसारी ने कहा इस बार पीएम मोदी के चुनाव प्रचार में पहले जैसा प्रभाव नहीं है। पहले जब वो प्रचार करने जाते थे तो मोदी मोदी के नारे लगते थे। लोग मंच के करीब जाकर नाचने गाने लगते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब गंगा से लेकर सरयू के किनारे तक से जो तस्वीरें आ रही हैं उससे साफ है कि भाजपा की सरकार से लोग नाराज हैं।

अफजाल अंसारी ने कहा कि बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक भाजपा की सीटें कम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मध्य प्रदेश में भाजपा 15 सीटें हार रही है। महाराष्ट्र में 20 और बिहार में 25 से अधिक सीटों पर बीजेपी की हार होती दिख रही है। ऐसे में 400 पार के नारे में कोई दम नहीं है।

अफजाल ने मुख्तार अंसारी की मौत को एक बार फिर साजिश बताया। उन्होंने फिर कहा क मुख्तार को जेल में जहर देकर मारा गया है। उन्होंने मुख्तार को शेर बताते हुए कहा कि मुख्तार पर कई बार हमले हुए लेकिन वो हर बार मौत से बच गया। उसे मारने वाले ही मिट गए। जनता आवाज देकर बता रही है कि मुख्तार के साथ क्या किया गया है।

बता दें कि अफजाल अंसारी को सपा ने इस बार गाजीपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से भाजपा ने पारस नाथ राय और बसपा ने उमेश सिंह को टिकट दिया है। दोनों विपक्षी दलों के उम्मीदवार घोषित हो जाने के बाद अफजाल अंसारी लगातार दोनों दलों पर हमलावर हैं।

अफजाल अंसारी की गिनती गाजीपुर के बड़े नेताओं में होती है। सपा बसपा के साथ ही अन्य दलों से भी उनके राजनीतिक रिश्ते काफी अच्छे रहे हैं। पिछले करीब 40 साल से अफजाल अंसारी का गाजीपुर की राजनीति में बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

मुख्तार अंसारी की मौत के 23 दिन बाद 21 अप्रैल से अफजाल अंसारी चुनाव प्रचार में उतरें हैं। वो लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ हमले कर रहे हैं। उन्होंने दोबारा चुनाव प्रचार में उतरने के साथ ही भाजपा पर कई आरोप लगाए थे और कहा कि 400 पार का नारा सिर्फ दिखावा है। 21 अप्रैल को जंगीपुर सपा कार्यालय में बोलते हुए उन्होंने कहा था कि गाजीपुर की जनता इस बार भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है।

अफजाल अंसारी को साल 2019 के चुनाव में बसपा ने उम्मीदवार बनाया था। अफजाल ने भाजपा नेता मनोज सिन्हा को एक लाख से अधिक वोटों से चुनाव हरा दिया था। इस बार अफजाल अंसारी को सपा गठबंधन ने उम्मीदवार बनाया है।
'