Today Breaking News

गाजीपुर में बस ने गर्भवती मां और बेटे को मारी ठोकर, मौत; पिता गंभीर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बस की ठोकर से बाइक पर सवार गर्भवती मां-बेटे की मौत हो गई। महिला अपने पति और बेटे के साथ बाइक से अपने मायके से लौटी थी। रास्ते में बस ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दिया। मौके पर महिला की मौत हो गई। उसका 7 साल का बेटा और पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद महिला और बच्चे को मृत बता दिया। वहीं महिला के पति को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टर ने बताया कि युवक को फ्रैक्चर हुआ है।

मृतकों की पहचान भुड़कुंड़ा थाना क्षेत्र के परसपुर बुढ़ानपुर निवासी अनिल कुमार की पत्नी कंचन (28) और पुत्र आयांस (7) के रूप में हुई है। हादसा सैदपुर थाना क्षेत्र के पियरी गांव के पास गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर सुबह 7 बजे हुआ।

परिजनों ने बताया कि अनिल अपनी पत्नी कंचन और पुत्र आयांस से साथ अपने ससुराल सैदपुर थाना क्षेत्र के प्यारी गांव गया था। जहां से आज सुबह बाइक से घर लौट रहा था। तभी गांव के संपर्क मार्ग से हाईवे पर आते ही उनकी बाइक को एक बस ने टक्कर मार दिया। बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

परिजन बोले ग्रामीणों ने बताया कि कंचन की तो मैके पर ही मौत हो गई थी। वहीं बेटे की हालत नाजुक थी और अनिल को भी गहरी चोट लगी थी। फिलहाल अनिल की जान बच गई है। उनका अभी इलाज चल रहा है। उनके शरीर की कई हड्डियां टूट गई हैं। जिन्हें डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

परिजन ने बताया कि कंचन 4 माह की गर्भवती भी थी। उसी के साथ पेट में पल रहा बच्चा भी इस दुनियां में आने से पहले ही चला गया। नहीं सोचा था कि आज सुबह ही इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। कभी कंचन और बच्चे से मुलाकात नहीं होगी।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कंचन का मृत शरीर घटनास्थल पर ही रखकर राजमार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही सैदपुर थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह बासबपुर पुलिस चौकी इंचार्ज आरपी दुबे पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस के समझाने पर बात नहीं बनी तो सैदपुर एसडीएम डॉक्टर पुष्पेंद्र पटेल को बुलाया गया। उन्होंने ग्रामीणों को बस चालक के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ।

उपजिलाधिकारी सैदपुर डॉ पुष्पेंद्र पटेल ने कहा कि शासन प्रशासन सहित हम सब इस दुखद दुर्घटना पर दुख प्रकट करते हैं। मृतक परिवार से हमारी सहानुभूति है। ऐसी स्थिति में शासन प्रशासन से जो भी अनुमान्य सहायता दी जाती है, परिजनों को उपलब्ध कराई जाएगी।

सैदपुर CO शेखर सेंगर ने कहा कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। जिसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
'