Today Breaking News

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बड़ा बदलाव...यूपी के सभी स्कूलों में अब 6 घंटे होगी पढ़ाई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. यूपी के सभी राजकीय, एडेड और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा संचालन का समय एक घंटे बढ़ा दिया गया है। शासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 (NEP) का और नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क का हवाला देते हुए तय किया हैं कि माध्यमिक विद्यालयों में अब 5 की जगह प्रतिदिन 6 घंटे की पढ़ाई होगी। इसके लिए गर्मी और जाड़े में स्कूलों के संचालन का समय निर्धारित किया गया है।
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार माध्यमिक विद्यालयों में एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक पढ़ाई होती है। जबकि एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 8.50 से दोपहर 2.50 बजे तक का समय निर्धारित है। शासन ने तय किया है कि अब एक अप्रैल से 30 सितंबर तक विद्यालय सुबह 7.30 से दोपहर 1.30 बजे तक और एक अक्टूबर से 31 मार्च तक सुबह 9.30 से दोपहर 3.30 बजे तक पढ़ाई होगी।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव उमेश चंद्र के मुताबिक NEP के तहत हर क्लास के लिए 40 क्रेडिट देने और 1200 घंटे की पढ़ाई का समय निर्धारित है। वर्तमान में एक दिन में औसतन पांच घंटे और एक शैक्षिक सत्र में औसतन 1100 घंटे की पढ़ाई होती है। अब हर दिन छह घंटे और एक सत्र में न्यूनतम 1200 घंटे की पढ़ाई होगी। इसमें प्रार्थना सभा, इंटरवल और अन्य गतिविधियां शामिल हैं।

विशेष स्थिति में विद्यालय बंद किए जाने पर, बचे हुए घंटों की पूर्ति अन्य दिन विद्यालय का समय बढ़ाकर किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा को उन्होंने इस संदर्भ में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
'