Today Breaking News

गाजीपुर में ई-रिक्शा पर बड़ी कार्रवाई, 733 चालान और 156 वाहन किए जब्त, 10 लाख का जुर्माना भी वसूला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में अप्रैल माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिसमे परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस शामिल रही। सहायक संभागीय परिवहन विभाग के पीटीओ लव कुमार के अनुसार 1 से 30 अप्रैल के दौरान 733 ई-रिक्शा का चालान किया गया। साथ ही 156 अवैध ई-रिक्शा को जब्त कर विभिन्न थानों में रखा गया।

इस अभियान से करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के प्रभाव से कई ई-रिक्शा मालिकों ने अपने वाहनों के कागजात अपडेट कराए। चालकों ने लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया भी शुरू की।

ट्रैफिक प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शहर में ई-रिक्शा का सत्यापन कार्य जारी है। अब तक 1692 ई-रिक्शा का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। शहर को चार भागों में बांटा गया है। रूट-ए पर 790, रूट-बी पर 180, रूट-सी पर 352 और रूट-डी पर 370 ई-रिक्शा को मंजूरी दी गई है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और जाम की समस्या कम होगी।
 
 '