गाजीपुर में आज पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर घायल, पिस्टल बरामद - Ghazipur News Today
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आज पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। थाना रामपुर मांझा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी सिंह को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी।
घटना गुरुवार की सुबह की है। पुलिस टीम आरोपी को एक मुकदमा से सम्बंधित नाजायज असलहा बरामदगी के लिए देवचंदपुर गांव ले गई थी। वहां आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली में भर्ती कराया गया। पूछताछ में उसने बताया कि क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए उसने पुलिस पर फायर किया। आरोपी के पास से 32 बोर की पिस्टल, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस मैगजीन समेत बरामद हुए।
कर्मवीर सिंह देवचंदपुर गांव का रहने वाला है। वह थाना रामपुर मांझा का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पहले से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।