गाजीपुर में गंगा पुल से दो बहनों ने लगाई छलांग, एक की मौत, दूसरी की पुलिस ने बचाई जान - Saidpur News
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सैदपुर (Saidpur News) गंगा पुल पर शुक्रवार दोपहर एक दुखद घटना में चचेरी बहनों सोनी यादव (18) और चंचल यादव (19) ने नदी में छलांग लगा दी।
![]() |
नदी से निकली चंचल को गोद में लेकर अस्पताल पहुंचाने के लिए दौड़ते दरोगा मनोज कुमार। |
नाविकों और पुलिस की तत्परता से चंचल की जान बच गई, लेकिन सोनी तेज बहाव में बह गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोनी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
![]() |
चंचल का अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसकी हालत गंभीर है। |
चंदौली जिले के मोलनापुर गांव की रहने वाली सोनी और चंचल शुक्रवार दोपहर सैदपुर गंगा पुल पर पहुंचीं। कुछ देर टहलने के बाद दोनों ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी। किनारे मौजूद नाविकों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और चंचल को बचा लिया, लेकिन सोनी को तेज बहाव ले गया। करीब एक घंटे बाद गोताखोरों ने सोनी का शव बरामद किया।
![]() |
सोनी की मौत के बाद चंदौली में उसके घर पर रिश्तेदार और पड़ोसी पहुंचे। |
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने चंचल में हल्की हरकत देखी और उसे गोद में उठाकर अस्पताल की ओर दौड़े। रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और चंचल को दूसरी ओर मौजूद पुलिसकर्मी के हवाले कर उपचार के लिए भेजा। उनकी तत्परता से चंचल की जान बच गई। देर शाम राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने मनोज कुमार को सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की।
सोनी यादव: बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पिता रमेश यादव किसान हैं। वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसका अंतिम संस्कार बलुआ घाट पर किया गया।
![]() |
यह मृतका सोनी की तस्वीर है। वह बीए की छात्रा थी। |
चंचल यादव: 9वीं कक्षा में पढ़ती है। पिता सुरेश यादव दिल्ली में डेरी पर काम करते हैं। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है।
आत्महत्या के संभावित कारण
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बहनों के प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। कुछ दिन पहले सोनी को घरवालों ने समझाया था। सोनी की मां रेनू देवी और परिवारवाले घटना से स्तब्ध हैं। भाई रोहित ने बताया कि सोनी सुबह कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन सैदपुर कैसे पहुंची, यह समझ से परे है। सीओ सैदपुर अनिल कुमार ने बताया कि पारिवारिक तनाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन की भूमिका
सैदपुर और चंदौली की बलुआ थाना पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। एक युवती को बचा लिया गया, जबकि सोनी का शव बरामद किया गया। परिजनों से पूछताछ जारी है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।