Today Breaking News

गाजीपुर में पोखर में स्नान के दौरान किशोर की मौत, युवक को डूबते देख दोस्त भी नहीं बचा पाए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बहरियाबाद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक किशोर की पोखर में डूबने से मौत हो गई। सलेमपुर बघाई गांव स्थित काली माता मंदिर के पोखरे में यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान राजापुर गांव निवासी अमन उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई। वह संजय राम का 17 वर्षीय पुत्र था।
दोपहर करीब 1 बजे अमन अपने दोस्तों के साथ पोखरे में नहाने गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया। लगभग आधे घंटे की खोजबीन के बाद उसका शव पोखरे से निकाला गया।

परिजन उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। अमन अपने दो भाई और तीन बहनों में तीसरे नंबर का था। मां लालसा देवी और पिता संजय राम की हालत बेटे की मौत की खबर सुनकर बिगड़ गई।

थाना अध्यक्ष दिनेश चंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर सुनते ही सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। समाजवादी पार्टी के जोनल प्रभारी राजाराम यादव समेत अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने परिजनों से मिलकर शोक व्यक्त किया।
 
 '