Today Breaking News

शादी के दूसरे दिन दुल्हन पति से हंसकर बोली- मैंने चूहामार खा लिया है; 4 साल प्रेमी के साथ रहने के बाद हुआ था विवाह

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, झांसी. शादी के अगले दिन ही दुल्हन ने जहर खा लिया। झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन दिन के इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। वह 4 साल से बॉयफ्रेंड के साथ रह रही थी। लड़का गैर समुदाय का था तो माता-पिता को रिश्ता मंजूर नहीं था। लेकिन, बेटी की जिद के आगे पिता ने उनके रिश्ते को स्वीकार कर लिया। शुक्रवार को दोनों ने सात फेरे लिए थे।
अगले दिन दूल्हा ससुर और अन्य ससुराल वालों को स्टेशन छोड़ने गया। इसी बीच दुल्हन ने घर में जहर खा लिया। पति लौटा तो हंसकर बोली- मैंने चूहामार दवा खा ली है। पति ने इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उसकी मौत हो गई। उसकी ननद की 21 मई को शादी होनी है।

मध्यप्रदेश के निवाड़ी के शंकर प्रजापति ने बताया- मेरे मामा विदिशा जिले के बिसलौनी गांव में रहते हैं। मेरा अक्सर मामा के घर आना-जाना था। मेरा ममेरा भाई पड़ोस के पठारी गांव में भट्‌टे पर काम करता था। मैं भी उसके साथ कभी-कभार जाता था। 5 साल पहले भट्‌टा मालिक की बेटी सलोनी से दोस्ती हो गई।

हम दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। हम दोनों ने पूरी जिंदगी साथ बिताने का फैसला किया और 4 साल पहले सलोनी भागकर मेरे पास आ गई। हम दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। हम दोनों बहुत खुश थे। मगर सलोनी के परिवार को रिश्ता मंजूर नहीं था।

पति ने बताया- बेटी की जिद के आगे सलोनी के पिता शादी के लिए राजी हो गए। अभी तक हम लोगों की सामाजिक तौर पर शादी नहीं हुई थी। तब शादी का फैसला किया। सलोनी के पिता और अन्य परिजन निवाड़ी आ गए। शुक्रवार को सात फेरे हुए।

अगले दिन शनिवार को मैं सलोनी के पिता और अन्य परिजनों को स्टेशन छोड़ने गया था। जब लौटकर घर पहुंचा तो पता चला कि सलोनी गुस्से में खेत पर चली गई। उसके पीछे मैं भी पहुंच गया। तब सलोनी ने हंसकर कहा- मैंने चूहामार दवा खा ली। तुरंत उसे झांसी मेडिकल कॉलेज लाए। इलाज के दौरान आज सोमवार को उसकी मौत हो गई। सलोनी की मौत के बाद पिता, भाई झांसी पहुंच गए। पिता ने कहा कि वो बहुत जिद्दी थी। सलोनी की ननद की शादी 21 मई को हाेनी है। अब सलोनी की मौत के बाद मातम का माहौल है। पति ने कहा- उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल पाया है।

पुलिस का कहना है कि पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। मामला मध्यप्रदेश के निवाड़ी का है। आगे की जांच निवाड़ी पुलिस करेगी।
 
 '