पत्नी का सिर ईंट से कूचा, गला रेता, शव छत से नीचे फेंका, फिर बच्चों के साथ जाकर सो गया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. कानपुर में पति ने पत्नी का सिर ईंट से कूच दिया। गंभीर घायल होने पर चाकू से गला रेता, फिर शव छत से 10 फीट नीचे फेंक दिया। इसके बाद बच्चों के साथ कमरे में सो गया। सुबह पड़ोसियों ने खाली प्लाट में लाश देखी तो पति और बच्चों को जगाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए गए। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना रविवार रात 1 बजे की चौबेपुर कस्बे के पड़ियाना मोहल्ले की है।
13 साल पहले हुई थी शादी बिल्हौर के चौबेपुर कस्बे के वृम्हनगर मोहल्ला निवासी संजय शर्मा अपने परिवार से दूर कस्बे के पड़ियाना मोहल्ले में पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता है। उनकी शादी लगभग 13 साल पहले क्षेत्र के भिखारीपुर गांव की रहने वाली बीनू शर्मा के साथ हुई थी।
उसका एक बेटा शुभ(10) और दो बेटियां सारथी (8) और सिया (5) हैं। बीनू दूसरे के घरों में खाना बनाने का काम करती थी। पति संजय पहले ई-रिक्शा चलाता था। 3 दिन पहले उसने एक ढाबे पर काम शुरू किया था।
ग्रामीणों ने बताया कि संजय अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों को लेकर शक करता था। जिसके कारण घर में आए दिन कलह होती थी। वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। दो दिन पहले भी उसने पत्नी को बेल्ट से खूब पीटा था। शव पर कई जगह कट के निशान घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी विजेन्द्र द्विवेदी, डीसीपी दिनेश त्रिपाठी और एसीपी अमरनाथ यादव भी मौके पर पहुंचे। महिला के शव पर गले सहित कई जगह कट के निशान थे। आरोपी के छत पर भी खून के निशान थे। पास में ही खून से सनी ईंट पड़ी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि संजय कल देर रात घर पहुंचा था। इसके बाद उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। शव को करीब 10 फीट ऊपर से नीचे फेंक दिया। पुलिस बच्चों से भी पूछताछ कर रही है। पति ने लोगों को पुलिस बुलाने से मना किया ग्रामीणों ने बताया कि पत्नी बीनू को मौत के घाट उतारने के बाद संजय खुद जाकर सो गया। सुबह जब शोर मचा तो वो खुद पत्नी का शव देखकर चीख-चीखकर रोने लगा। आसपास के लोगों ने पुलिस बुलाने को कहा तो संजय ने मना कर दिया।
उसने कहा कि पुलिस को न बुलाया जाए। पति ने ग्रामीणों से बताया कि रात में पत्नी कमरे में ही सोई थी। वह कब बाहर गई, पता नहीं। महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या करने का आरोप लगाया।
एडीसीपी विजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की मां की तरफ से शिकायत दी जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।