जनता दर्शन में 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समस्या सुनी, समाधान का दिया भरोसा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह 200 से अधिक लोगों की समस्या सुनी। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वहां आए लोगों से मिले और उनकी समस्या जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द कराया जाए।
सुबह लगभग 7:30 बजे से जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित हुआ। लोग पहले ही मंदिर परिसर में पहुंच गए थे। लगभग 200 लोगों को परिसर में लगी कुर्सियों पर बैठाया गया। नियमित दिनचर्या के बाद मुख्यमंत्री जनता दर्शन में पहुंचे और एक-एक व्यक्ति के पास जाकर उसकी समस्या पूछी। लोगों ने जमीन से जुड़े मामले, पारिवारिक विवाद और इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। सीएम ने कहा कि समस्या का समाधान कराया जाएगा।
सीएम के सामने कई ऐसे लोग आए थे, जिनके परिजन गंभीर रूप से बीमार हैं। आर्थिक सहायता की मांग को लेकर वे जनता दर्शन में आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप एस्टीमेट बनवाइए, सरकार मदद करेगी। उन्होंने कहा कि पैसे के अभाव में इलाज प्रभावित नहीं होगा। कई लोगों ने घरेलू विवाद में भी न्याय दिलाने की मांग की।
जमीन से जुड़े मामले भी आए
जनता दर्शन में जमीन से जुड़े कई मामले भी आए। कोई अवैध कब्जा की शिकायत लेकर आया था तो कोई दबंगों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत कर रहा था। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन से जुड़े मामले का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाए। यदि कोई अवैध रूप से कहीं कब्जा कर रहा है तो उसपर सख्त कार्रवाई की जाए। एक महिला ने परिजन के लापता होने की बात कही। सीएम ने आश्वासन दिया कि पुलिस उन्हें ढूंढने में मदद करेगी।
बच्चों को दुलारा, चाकलेट दिया
जनता दर्शन से पहले सीएम ने गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान परिसर में कुछ बच्चे मिल गए तो सीएम ने उन्हें दुलारा। बच्चों का नाम पूछा और स्कूल, क्लास के बारे में जानकारी ली। उन्हें चाकलेट दिया। सीएम ने बच्चों को मन लगातर पढ़ने की सीख दी।