गाजीपुर में चाचा-भतीजे पर अंधाधुंध फायरिंग, एक सीने के पार हो गई; चाचा गंभीर रेफर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बाइक सवार बदमाशों ने चाचा भतीजे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। भतीजे को तीन गोली लगी है। चाचा को एक गोली लगी है। एक गोली भतीजे के पीठ से निकलकर आर-पार हो गई। आस पास के लोगों ने देखते ही दौड़ाया बदमाश फरार हो गए।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद भतीजे को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान त्रिवेणी सिंह (55) और उनके भतीजे विश्वजीत सिंह उर्फ राजन (30) के रूप में हुई है। पूरा मामला सैदपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के कूढ़ालंबी गांव का है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोनों एक एक सैलून में बाल कटवा रहे थे। जैसे बाहर निकले तभी उन पर हमला हो गया। दो बाइक पर चार बदमाश थे। उन्होंने कई राउंड फायरिंग की। दोनों को भागने का मौका नहीं मिला। विश्वजीत आगे था इसलिए उसे तीन गोली लगी है।
एक गोली कंधे को छूकर निकल गई। दूसरी गोली बाएं पीठ से घुसकर सामने से निकली। तीसरी गोली बाएं कंधे पर लगी है। त्रिवेणी सिंह को हाथ में एक गोली लगी है। जैसे ही हम लोग दौड़े हमलावर फरार हो गए। फिर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घायल का बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज जारी
घटना के बाद त्रिवेणी सिंह को खानपुर PHC में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल विश्वजीत को पहले सैदपुर CHC, फिर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
विश्वजीत नोएडा में प्राइवेट जॉब करता है और 10 दिन की छुट्टी पर घर आया था। त्रिवेणी सिंह खेती-किसानी का काम करते हैं।
11 साल पुरानी हत्या से जुड़ा है मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना को 11 साल पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। साल 2013 में गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुई मारपीट में मनीष यादव पुत्र भरत यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान वाराणसी में उसकी मौत हो गई थी।
आरोप है कि मनीष के भाई अविनाश उर्फ गोलू ने दोस्तों के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया है, ताकि भाई की मौत का बदला लिया जा सके।
तीन पुलिस टीमें गठित, जल्द गिरफ्तारी के दावे
क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात की गई है।