फांसी पर झूल गया सिपाही...पत्नी से चार दिन पहले हुआ था झगड़ा, बीवी के मायके जाने से था नाराज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बुढ़ावे गांव में एक सिपाही ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संजय कुमार (45) के रूप में हुई है। वह आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाने में डायल 112 पर तैनात था। स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय कुमार और उनकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। चार दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। संजय कुमार दो बेटियों और दो बेटों के पिता थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारा। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सिपाही की पत्नी उसकी शराब पीने की आदत से परेशान रहती थी। वो इस वजह से ज्यादातर अपने मायके में ही रहा करती थी। सिपाही की शादी साल 2006 में हुई थी।
सिपाही छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। मंगलवार सुबह जब वो अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजन उसको जगाने पहुंचे। कोई आवाज सुनाई न देने पर खिड़की से झांकने पर परिजनों को सिपाही का शव लटका मिला। पुलिस को मौके पर बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।