नशे में धुत कार चालक ने मचाया उत्पात, छात्रा को मारी टक्कर, पुलिस ने 3 लोगों को पकड़ा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मिर्जापुर. विंध्याचल में शनिवार को एक गंभीर घटना सामने आई। बिहार के आरा से आए नशे में धुत कार चालक ने अष्टभुजा डाक बंगला पहाड़ी मार्ग पर एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में एक बालिका घायल हो गई। उसका इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
दोपहर लगभग 3 बजे की यह घटना है। रमई पट्टी निवासी सर्वेश सिंह अपने परिवार के साथ अष्टभुजा माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई।
बिहार के आरा से आए कार सवारों ने धमकी दी। एक राहगीर अजय त्रिपाठी ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिहार के आरा थाना उदवंत नगर के तीन लोगों - अंशराज, मुकेश और दीपक को हिरासत में ले लिया। एक व्यक्ति कार की चाबी लेकर फरार हो गया।
बिहार में शराबबंदी के कारण कई लोग उत्तर प्रदेश के विंध्याचल धाम में आकर शराब का सेवन करते हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।