Today Breaking News

गाजीपुर में लगातार घटाव पर गंगा का जलस्तर, 62.770 मीटर पहुंचा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर घटाव पर है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 62.770 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 63.105 मीटर के करीब है।
बीते दिनों से जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण जिले की सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद तहसीलों के तटवर्ती इलाके प्रभावित हुए हैं। इन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुस गया है। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत और फसलें जलमग्न हैं।

किसान प्रमोद यादव ने बताया कि बाढ़ के पानी के कारण सारी फसल नष्ट हो चुकी है। संपर्क मार्ग पर पानी आने के कारण आवागमन भी प्रभावित है। रेवतीपुर-नागदिलपुर मार्ग से नसीरपुर और रेवतीपुर-गहमर बाईपास मार्ग से हसनपुर जाने वाले रास्तों पर पानी भर गया है। शहर के कुछ निचले इलाकों में भी गंगा का पानी पहुंच गया है।

प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली है। प्रभावित इलाकों में 160 बाढ़ चौकियां और 44 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। लगभग 500 आपदा मित्र ग्रामीण इलाकों में कार्य करेंगे। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। हर 3 घंटे में बाढ़ की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। गंगा का जलस्तर अब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घट रहा है।

पहाड़ी इलाकों से आ रहा था पानी
उत्तराखंड और पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा था। बाढ़ की स्थिति के मापदंड के अनुसार, नदी का सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर है। चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर पर और खतरे का निशान 63.105 मीटर पर निर्धारित है। उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर पर माना जाता है।

पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, 2021 में गंगा का उच्चतम जलस्तर 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2024 में 63.670 मीटर दर्ज किया गया।
 
 '