Today Breaking News

गाजीपुर में लेखपाल से लूटपाट, चार युवकों ने लाठी-डंडों से पीटा, मोबाइल और कैश छीना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सदर तहसील के लेखपाल विनय कुमार यादव के साथ लूटपाट और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना गुरुवार की रात की है, जब वह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। सैदपुर थाना क्षेत्र के पौटा चट्टी के पास दो बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने लेखपाल को लाठी-डंडों से पीटा और उनके जेब से कैश व मोबाइल छीन लिया। घटना के दौरान एक चार पहिया वाहन के आने पर आरोपी फरार हो गए। वाहन सवार की मदद से लेखपाल का मोबाइल सड़क किनारे से बरामद हुआ।

लेखपाल ने सैदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार को लेखपाल संघ के पदाधिकारी थाने पहुंचे और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इनमें सैदपुर तहसील अध्यक्ष राहुल मौर्य, कासिमाबाद तहसील के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र यादव, जिला मंत्री प्रवीण कुशवाहा और सदर तहसील मंत्री रवि कुशवाहा शामिल थे।

थाना अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि लेखपाल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। लूटा गया पैसा और मोबाइल बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
 
 '