पति को बेहोश कर गहने लूटकर भागी दुल्हन, पुलिस ने प्रेमी के साथ पकड़ा, मायके पक्ष ने कहा था- बेटी की हत्या हुई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, झांसी. झांसी में लुटेरी दुल्हन ने पति और जेठ को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद घर से गहने समेटकर प्रेमी संग फरार हो गई थी। ससुर ने मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस पर लड़की के घर वालों ने लड़के के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया था।
लड़की के घर वालों ने कहा था कि ससुराल वालों हत्या करके बेटी की लाश छिपा दी है। एक महीने से इस केस को सॉल्व करने में लगी पुलिस को दुल्हन की लोकेशन सूरत में मिली। पुलिस ने उसे प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटे गए 3 लाख रुपए के गहने बरामद हुए हैं।
3 माह पहले हुई थी शादी
कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी नवल किशोर ने पुलिस को बताया था- मेरे दो बेटे बालचंद्र और यशवंत है। मैंने 3 महीने पहले छोटे बेटे यशवंत की शादी पूंछ के अमरौख गांव निवासी रीना से की थी। एक जून को मैं अपनी पत्नी के साथ एक शादी में गया था।
घर पर यशवंत, बहू और बड़ा बेटा था। बहू ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर पति और जेठ को खिला दिया। बेहोश होने पर घर में रखे सोने-चांदी के सारे गहने और 50 हजार रुपए कैश लूटकर अपने प्रेमी रिंकू के साथ भाग गई।
दोनों पक्षों से शिकायतों में उलझी पुलिस
नवल किशोर की शिकायत पर पुलिस जांच को आगे बढ़ाती, उससे पहले ही रीना के मायके वाले कोतवाली थाने पहुंच गए। ससुराल वालों पर रीना की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया। इससे पुलिस उलझ गई। अफसरों के आदेश पर पहले रीना की गुमशुदगी दर्ज की गई।
रीना का फोन लगातार बंद जा रहा था। जांच में जुटी पुलिस को इसी बीच एक सुराग मिला। पता चला कि रीना अपने प्रेमी रिंकू के साथ सूरत में मौज-मस्ती कर रही है। झांसी पुलिस ने बुधवार को दोनों को सूरत से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी के 3 लाख के गहने भी बरामद किए गए।
आरोपी रिंकू और रीना दोनों ही पूंछ के अमरोख गांव के रहने वाले हैं। दोनों के बीच 5 साल से प्रेम संबंध थे। पहले रीना ने शादी का विरोध किया था। मगर परिवार वालों के जोर देने पर वह यशवंत से शादी करने को राजी हो गई। शादी के बाद भी उसका प्रेमी से मिलना-जुलना जारी रहा। तब दोनों ने मिलकर लूट की साजिश बनाई और वारदात करके भाग गए।
प्रेमी के भाई की चूक से मिला सुराग
बहू रीना अपने प्रेमी रिंकू के साथ झांसी से दूर गुजरात के सूरत में जाकर रहने लगी। पुलिस से दोनों ने बचने के लिए अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए थे, मगर रीना ने अपना फोन रिंकू के भाई को दे दिया था। पाल कॉलोनी में रहने वाला रिंकू के भाई ने कुछ दिनों पहले मोबाइल ऑन किया। तभी पुलिस को सुराग मिल गया।
![]() |
पुलिस ने रीना और उसके प्रेमी रिंकू को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से लूटे हुए गहने बरामद किए हैं। |
पुलिस ने सूरत से किया गिरफ्तार
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शादी के 3 महीने बाद दुल्हन अपने पति और जेठ को नशीला पदार्थ देकर घर से ज्वैलरी और पैसा लेकर प्रेमी के साथ भाग गई। इस संबंध में मायके और ससुराल वाले एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे।
मायके वाले आरोप लगा रहे थे कि ससुराल वालों ने रीना को मारकर फेंक दिया है। वहीं, ससुराल वालों का कहना कि महिला प्रेमी के साथ भाग गई। रीना की गुमशुदगी की जांच में उसकी लोकेशन सूरत में मिली। पुलिस ने दोनों को वहां से गिरफ्तार कर लिया।