Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर प्रति 2 घंटे 1 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा, तटवर्ती इलाकों में बढ़ रही दहशत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर आज फिर बढ़ना शुरू हो गया है। इससे पहले 6 अगस्त से गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी।
गंगा का पानी खतरे के निशान को पार कर चुका था। यह घटते-घटते चेतावनी बिंदु से करीब डेढ़ मीटर नीचे तक पहुंच गया था। जलस्तर में फिर से हो रही बढ़ोतरी के कारण नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि आज गाजीपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ाव पर है। इस दौरान जलस्तर 60.500 मीटर दर्ज किया गया। जिले में 63.105 मीटर पर खतरे का स्तर माना जाता है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक आज गंगा के जलस्तर में एक सेंटीमीटर प्रति 2 घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी देखी जा रही।

2024 में बाढ़ का उच्चतम जलस्तर 63.670 मीटर रहा। 2022 में बाढ़ का उच्च जलस्तर 64.390 मीटर तक पहुंचा था। वहीं 2021 में यह और भी अधिक 64.680 मीटर तक पहुंच गया था। बीते 5 अगस्त को जलस्तर 64.690 मीटर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुँच गया था।

गाजीपुर के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के अनुसार, पिछले कुछ हफ्ते तक जलस्तर घटाव पर था। अब फिर से जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। इससे गंगा किनारे रहने वाले लोगों की चिंताएं एक बार फिर बढ़ गई हैं।

बाढ़ के कारण तटवर्ती क्षेत्र के सैकड़ों बीघे फसल और खेत जलमग्न हो गए थे। रेवतीपुर क्षेत्र में कई सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया था।

लगातार जलस्तर में घटाव के बाद लोगों ने राहत महसूस की थी। लेकिन अब एक बार फिर से जलस्तर में वृद्धि देखकर लोग भयभीत हैं। दूसरी तरफ जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर मुआवजा देने की तैयारी में जुटा हुआ है।
 
 '