गाजीपुर में बढ़ते गंगा जलस्तर पर प्रशासन सक्रिय, SDM ने बाढ़ प्रभावित गांवों में खाद्य सामग्री वितरित किया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। गाजीपुर में गंगा का पानी खतरे के निशान को पार कर चुका है। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार दौरा करते हुए स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सेवराई, लोकेश कुमार ने बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने बिरउपुर गांव का दौरा किया। वहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच भोजन के पैकेट वितरित किए।
उपजिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि भोजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और समय-समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाता रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क मार्गों के टूटने की समस्या पर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो और संपर्क मार्ग से आवागमन सुचारू रूप से जारी रहे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।
मालूम हो कि बाढ़ से जिले की पांच तहसीलें प्रभावित हैं। इनमें सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद के तटवर्ती इलाके शामिल हैं। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत और फसलें जलमग्न हो गई हैं। कई संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। कुछ गांवों की तरफ भी पानी बढ़ गया है।
बाढ के पानी से रेवतीपुर क्षेत्र के रामपुर, हसनपुरा, बीरऊपुर, नसीरपुर गाँव का सडक मार्ग जिले से सम्पर्क कट गया है। इसके चलते यहाँ के लोगों का एकमात्र सहारा नाव बचा है।