गाजीपुर पुलिस ने 43 मामलों के आरोपी को किया गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। स्वाट टीम और थाना बहरियाबाद व बिरनों की संयुक्त पुलिस टीम ने मऊ के बृज विहार कॉलोनी से शातिर अपराधी संजय यादव को गिरफ्तार किया है।
संजय यादव पर 26 जुलाई को बलवंत कुमार पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बलवंत कुमार को फावड़ा, रॉड और लाठी से मारा था। इतना ही नहीं, उन्होंने वादी के भतीजे सनी कुमार और बृजेश को भी पीटा था।
इस मामले में 27 जुलाई को थाना बहरियाबाद में केस दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। संजय यादव पर गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
संजय यादव मूल रूप से गाजीपुर के बनकटा गांव का रहने वाला है। वह कुछ समय आजमगढ़ के जहानागंज में रहा और फिलहाल मऊ के बृज विहार कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस मुखबिर की सूचना पर उसे वहीं से गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
