भाजपा सांसद की बहन को ससुर-देवर ने पीटा, आरोप- नहाते वक्त वीडियो बना रहे थे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी के फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन को उनके ससुर और देवर ने बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा है। कासगंज में घर के बाहर ससुर ने बहू को 4 सेकेंड में 5 डंडे मारे। सांसद की बहन चीखती-चिल्लाती रही।
![]() |
घर के बाहर बीजेपी सांसद की बहन को ससुर ने लाठियों से पीटा। |
दोनों देवरों ने भी सांसद की बहन को पीटा। एक ने बीच सड़क बाल पकड़कर खींचा। दूसरे देवर ने लोहे की रॉड से पिटाई की। चाकू से हाथ पर हमला किया। घटना का वीडियो सामने आया है।
भाजपा सांसद की बहन का आरोप है नहाते समय ससुर और देवर वीडियो बना रहे थे। जब मैंने विरोध किया तो गालियां देने लगे। पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में आरोपी ससुर और देवर के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ससुर ने पीटा और खुद वीडियो भी बनाया
20 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि भाजपा सांसद की बहन के ससुर हाथ में डंडा लेकर खड़े हैं। दूसरे हाथ में मोबाइल है, जिससे वह रिकॉर्डिंग कर रहे हैं। सामने उनकी बहू रीना की आवाज आ रही है। वह कह रही हैं हां- मार लो मुझे, मार लो। ससुर उसे धमकाते हैं। लाठी दिखाते हैं। जैसे ही ससुर अपनी बहू की तरफ बढ़ते हैं, वह भागती है और एक बाइक वाले से टकरा जाती है। इसी दौरान ससुर अपनी बहू पर लाठियां बरसाने लगते हैं। 4 सेकेंड में 5 लाठी मारते हैं। देवर बाल पकड़कर खींचता है। इसी दौरान देवर वीडियो बना रहे शख्स के मोबाइल में हाथ मारता है और वीडियो बंद हो जाता है।
बाथरूम में नहाते हुए वीडियो बनाने का आरोप
पूरा मामला सहावर थाना क्षेत्र के अवंतीबाई नगर का है। फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन रीना सिंह अपने ससुराल वालों के साथ रहती हैं। 17 साल पहले उनकी शादी लक्ष्मन सिंह के बेटे शेखेंद्र सिंह से हुई थी।
रीना ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। जिसमें बताया, रविवार दोपहर 1 बजे मैं अपने बाथरूम में नहा रही थी, तभी मेरे देवर गिरीश और मेरे ससुर लक्ष्मण सिंह बाथरूम के रोशनदान से मेरा नहाते हुए वीडियो बना रहे थे। मेरी नजर पड़ी तो मैंने इसका विरोध किया। दोनों ने मुझे गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद मेरे ससुर अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर नीचे आए और बोले– तुझे गोली मार देंगे। उन्होंने राइफल से मुझ पर हमला भी किया। किसी तरह मैंने अपनी जान बचाकर घर से भागने की कोशिश की। तभी मेरे देवर राजेश ने धारदार चाकू से मुझ पर वार किया, जिससे मेरे हाथ में चोट भी आई।
रीना के ससुराल वाले अवंतीबाई नगर में 3 मंजिला मकान में रहते हैं। ससुर सहावर के श्री गांधी इंटर कॉलेज में टीचर थे। अब वह रिटायर हो चुके हैं। वहीं पति शेखेंद्र लखनऊ में शिक्षा विभाग में संविदा पर काम करता है। दोनों देवर गिरीश और राजेश बेरोजगार हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। रीना के दो लड़कियां हैं। एक 6 साल की है, दूसरी 8 साल की है।
कोतवाली सहावर प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने बताया-
मामला पारिवारिक विवाद का है। मारपीट की घटना सामने आने पर पीड़िता का मेडिकल कराया गया। उनकी तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर पीड़िता के पति, देवर राजेश, गिरीश और ससुर लक्ष्मण सिंह के खिलाफ दर्ज की गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।