Today Breaking News

दूल्हे राजा के सामने प्रेमी ने दुल्हन की भर दी मांग, बिना दुल्हन के लौट गई बारात

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बाराबंकी. बाराबंकी जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां जब शादी के मंडप में पहुंची दुल्हन ने दूल्हा पसंद नहीं आने पर बहन के देवर (बॉयफ्रेंड) से ही शादी कर ली। इस दौरान बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पक्ष पर दहेज के रूप में डेढ़ लाख रुपये और डेढ़ तोले की अंगूठी की मांग करने का आरोप लगा दिया। वहीं, दूल्हे पक्ष ने झूठ बोलने का आरोप लगाया है। इस बीच पुलिस के पास मामला पहुंचने पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद पर समझौता होने पर कार्रवाई से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नगर कोतवाली क्षेत्र में बंकी कस्बे के उत्तर टोला निवासी नरेश की बेटी मोहिनी की शादी कोठी निवासी विकास सोनी से तय थी। इंगेजमेंट के बाद बुधवार रात करीब 100 बारातियों के साथ दूल्हा विकास सोनी बारात लेकर पहुंचा। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का जोरदार स्वागत करते हुए सेवा सत्कार में जुटे रहे, लेकिन कुछ देर बाद दूल्हे के मंडप पहुंचने पर जैसे ही शादी की रस्में शुरू हुईं, तो दहेज को लेकर माहौल गरमाने लगा।

शादी के मंडप में विवाद के बीच सबके सामने दुल्हन की बड़ी बहन के देवर ने मोहिनी की मांग भर दी। फिल्मी ड्रामे की तरह चले विवाद को लोग देख कर हैरान रह गए। बताया जा रहा की बड़ी बहन के देवर मोहिनी का ब्वॉयफ्रेंड है, जो करीब 3 सालों से जान पहचान बनी हुई थी।

दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवारवालों ने शादी में सात फेरे से पहले दहेज में डेढ़ लाख रुपये कैश और डेढ़ तोले की अंगूठी की मांग रखी थी। जिसको लेकर बारातियों ने हंगामा शुरू किया, जिससे आक्रोशित होकर लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। वहीं, दूल्हा पक्ष का कहना है कि उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। साजिश के तहत 100 बारातियों के सामने मंडप में दुल्हन की मांग में दूसरे लड़के से सिंदूर भरवा दिया गया।

पुलिस से मांग भरने वाले युवक ने बयान दिया कि जब दूल्हा बारात लेकर वापस लौटने लगा तो, लड़की रोते हुए मेरे पास आई और बोली आप मुझसे शादी कर लीजिए। हम दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे, इसलिए मैंने सबके सामने उसकी मांग भर दी।

दूल्हे के पिता शिवकुमार सोनी ने लड़की पक्ष पर ही गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हम 8:30 बजे बारात लेकर पहुंचे। वहां हर महिला को 501 रुपये और दूल्हा उतराई में 5,001 रुपये की मांग की गई। हमने कहा कि हम गरीब लोग हैं, इतना पैसा नहीं दे सकते। हमने तो कभी उनसे 1 रुपया भी नहीं मांगा। इसके बाद हमें प्रताड़ित किया गया और अचानक दूसरी तरफ किसी और से लड़की की मांग भरवा दी गई। यह सब पहले से तय साजिश लग रही है। दूल्हे के पिता ने आगे कहा कि शादी तय होने के बाद भी लड़की हमारे लड़के से लगातार बात करती रही, लेकिन मंडप में हमें छत पर बैठा कर रखा गया और नीचे दूसरा नाटक चल रहा था। जबरन हमें बेइज्जत कर बारात लौटने पर मजबूर किया गया।

शादी के मंडप में तोड़-फोड़ की सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दूल्हे और दुल्हन के ब्यॉयफ्रेंड को कोतवाली ले आई। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में किसी प्रकार का विवाद नहीं होने और समझौता हो गया है। पुलिस ने मामला रफा-दफा कर दिया।
 
 '