Ganga Water Level in Ghazipur Today: गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर फिर बढ़ा, प्रति घंटे 2 सेंटीमीटर बढ़ रहा पानी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक हफ्ते तक लगातार घटने के बाद गंगा का जलस्तर (Ganga Water Level in Ghazipur Today) बीती रात से फिर बढ़ना शुरू हो गया है। सुबह 8 बजे जलस्तर 62.070 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान 63.105 मीटर से कम है। जलस्तर में प्रति घंटे 2 सेंटीमीटर की वृद्धि हो रही है।
बाढ़ से सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद तहसीलें प्रभावित हैं। किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। संपर्क मार्गों से पानी उतरने लगा था। लेकिन जलस्तर में नई बढ़ोतरी से लोग चिंतित हैं। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के हनसपुरा, नसीरपुर, बीरऊपुर और अठहठा गांव सर्वाधिक प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन गांवों में परेशानियां जारी हैं।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के अनुसार गाजीपुर में चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर है। 5 अगस्त को जलस्तर 64.690 मीटर तक पहुंचा था। पिछले तीन साल का रिकॉर्ड बताता है कि 2021 में 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2024 में 63.670 मीटर अधिकतम जलस्तर रहा। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है और मुकम्मल बंदोबस्त का दावा कर रहा है।