गाजीपुर में महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति अभियान, महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली बाइक रैली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत पुलिस विभाग ने एक विशेष बाइक रैली का आयोजन किया। पुलिस लाइन से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी शामिल हुईं।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस ऑफिस और सदर तहसील होकर पुलिस लाइन वापस पहुंची। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना था।
मिशन शक्ति अभियान 5.0 का लक्ष्य प्रदेश की महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाना है। इस अभियान के तहत प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है।
गाजीपुर पुलिस ने एक नई पहल करते हुए जनपद के 200 स्थानों पर शिकायत बॉक्स लगाने का निर्णय लिया है। इनमें स्कूल और कॉलेज भी शामिल हैं। महिलाएं और बच्चियां इन बॉक्स में अपनी शिकायतें डाल सकेंगी। शिकायत पेटी पर थाना अध्यक्ष और चौकी इंचार्ज का मोबाइल नंबर भी अंकित रहेगा।