गाजीपुर में पति मुंबई से कमा कर लौटा, पत्नी आधी रात प्रेमी संग फरार, गहने भी ले गई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शादी के तीन महीने बाद ही पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। वह अपने साथ जेवरात ले गई। जिनकी कीमत 2 लाख से ज्यादा बताई जा रही है।
पीड़ित पति ने पुलिस को एक CCTV फुटेज सौंपा है, जिसमें उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ स्कूटी पर जाते हुए दिख रही है। पति ने कार्रवाई की मांग की है। मामला मरदह थाना क्षेत्र के पलहीपुर गांव का है।
अब पूरा मामला पढ़िए...
पलहीपुर गांव के रहने वाले सोनू राजभर की शादी 17 मई को बिरनो थाना क्षेत्र के बद्बोपुर गांव की रहने वाली गुड़िया राजभर के साथ हुई थी। सोनू ने पुलिस को बताया, शादी के 1 महीने बाद ही मैं काम के लिए मुंबई चला गया था। घर पर मेरी मां-पिता और छोटा भाई ही थे। पिता की मीट की दुकान है।
सोनू ने बताया, पत्नी नाग पंचमी और रक्षाबंधन मनाने मायके गई थी। फिर वह ससुराल आ गई थी, तब से यहीं रह रही थी। रविवार को मैं मुंबई से घर पहुंचा था। रात को परिवार के सभी सदस्य खाना-पीना करके सोने चले गए। गुड़िया और मैं भी अपने कमरे में सोने चले गए। रात में गुड़िया ने मेरे मोबाइल फोन से ही अपने प्रेमी से बात की और उसका नंबर डिलीट कर दिया। सुबह जब घर वाले पशुओं को चारा डालने के लिए जगे तो गुड़िया दिखाई नहीं दी।
घर वालों ने कमरे में आकर देखा तो वह यहां पर मौजूद नहीं थी। शोर सुनकर मेरी नींद खुली तो उसकी खोजबीन शुरू की गई और मायके में जानकारी की गई। लेकिन, कहीं भी उसका पता नहीं चला। परिजनों ने जब घर की तलाशी ली तो पता चला कि लाखों रुपए के गहने और नकदी भी गायब हैं। इस घटना से घर के सभी लोग सदमे में हैं।
सीसीटीवी फुटेज में जाती दिखी परिवार के साथ गांव के लोगों ने रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो गुड़िया रिंकू राजभर नाम के लड़के के साथ जाती हुई दिखाई दी है। पति ने रिंकू राजभर पर बहलाकर ले जाने और अपहरण करने का आरोप लगाया है। ससुर राजकुमार राजभर ने बताया, बहू रात में लापता हो गई थी। बहुत खोजबीन के बाद भी नहीं मिली। शादी के पूरे जेवरात भी साथ ले गई है। उनकी रसीद भी मेरे पास है। उसी दिन पुलिस को तहरीर दे दी थी, लेकिन 4 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एक भी बार पुलिस आरोपी के घर नहीं गई है। बहू के मायके वालों को जानकारी दी तो वह कहते हैं कि खोजते रहिए।
सोनू ने तहरीर देकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष तारावती ने बताया, गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही महिला को बरामद करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।


