गाजीपुर में गंगा नहाने गईं 3 लड़कियां डूबीं, दो के शव मिले; एक की तलाश जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने गईं 7 किशोरियों में से 3 डूब गईं, जिनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक लड़की का सुराग अब तक नहीं मिला है।
हादसा करंडा थाना क्षेत्र के रमजनपुर सिकंदरपुर गांव का
जानकारी के अनुसार, रमजनपुर सिकंदरपुर गांव की सात किशोरियां रविवार सुबह करीब 5:30 बजे गंगा नदी के असवा घाट पर नहाने गई थीं। कार्तिक महीने में वे रोजाना एक साथ गंगा स्नान करने जाती थीं। इस दौरान नहाते-नहाते सभी तेज बहाव में बहने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो किशोरियां पहले डूबने लगीं, जिन्हें बचाने के प्रयास में बाकी लड़कियां भी गहरे पानी में चली गईं। मल्लाह बलिराम चौधरी ने बताया कि सभी किशोरियां एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तेज धारा की ओर खिंच गईं, जिससे तीन डूब गईं।
मल्लाहों ने 4 को बचाया, SDRF कर रही सर्च ऑपरेशन
घटना के दौरान घाट पर मौजूद स्थानीय मल्लाहों ने नदी में छलांग लगाई और चार किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही करंडा थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
करीब सुबह 7 बजे पहला शव मिला, जिसकी पहचान पूनम यादव (19) पुत्री रामबचन यादव के रूप में हुई। सुबह 10:30 बजे दूसरा शव मिला, जिसकी पहचान रोली यादव (16) पुत्री राजदेव यादव के रूप में हुई। तीसरी किशोरी खुशी (12) पुत्री बब्लू की तलाश अब भी जारी है।
SDRF टीम मौके पर तैनात
थाना प्रभारी ने बताया कि एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई है, और जब तक तीसरी किशोरी का पता नहीं चलता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा। घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचे हैं।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही घटना की खबर रमजनपुर सिकंदरपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। तीनों लड़कियों के परिजन घाट पर रोते-बिलखते पहुंचे। ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।