गाजीपुर में 86% मतदाताओं का सत्यापन पूरा, 74 हजार मृतक मतदाता चिन्हित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 29.51 लाख से अधिक मतदाताओं में से 86.15 प्रतिशत का सत्यापन पूरा हो चुका है। इस प्रक्रिया में 1,40,370 मतदाता ऐसे मिले जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी, जबकि लगभग 74 हजार मृतक मतदाताओं की पहचान की गई है। यह जानकारी एडीएम एवं उपनिर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार ने दी।
अभियान के प्रथम चरण में घर-घर जाकर भरे गए फॉर्मों की वापसी और मैपिंग के माध्यम से कुल 25,42,620 मतदाताओं का सफलतापूर्वक सत्यापन किया गया। जिन 1,40,370 मतदाताओं की मैपिंग इस चरण में नहीं हो पाई थी, उन्हें अगले चरण में नोटिस जारी किए जाएंगे।
एसआईआर के दौरान मतदाताओं की विभिन्न श्रेणियों की स्थिति भी सामने आई। जांच में लगभग 74 हजार मृतक मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, लगभग 82 हजार अनुपस्थित मतदाता, करीब 2 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता और 49,603 डुप्लीकेट मतदाता भी पाए गए। 48,696 मतदाता ASDD श्रेणी में भी मिले।
उपनिर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनमार्क्ड मतदाताओं के लिए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से 26 फरवरी तक चलेगी। पहले व्यक्तिगत रूप से नोटिस दिए जाएंगे। यदि संबंधित व्यक्ति नहीं मिलते हैं, तो उनके आवास पर नोटिस चस्पा किया जाएगा। इसके बाद उनसे जवाब और आवश्यक अभिलेख मांगे जाएंगे।
पात्रता सिद्ध करने के लिए 11-12 आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। ये दस्तावेज प्रमाणित करेंगे कि संबंधित व्यक्ति भारतीय नागरिक है, मतदाता बनने की शर्तें पूरी करता है और उसी स्थान का निवासी है। अभिलेख सही पाए जाने पर नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा, अन्यथा नियमानुसार नाम काटे जाएंगे।
