गाजीपुर सिविल बार चुनाव, पहले दिन 15 नामांकन दाखिल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर सिविल बार संघ के 2025-26 सत्र की 20 सदस्यीय कार्यकारिणी के वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 15 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिंघासन सिंह उर्फ अरविंद सिंह ने यह जानकारी दी।
अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र विक्रम सिंह और सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने नामांकन किया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संदीप कुमार वर्मा ने पर्चा भरा, जबकि महासचिव पद के लिए शादाब अहमद, रामबिलास यादव, अंजनी कुमार ठाकुर और मुन्ना लाल ने नामांकन दाखिल किया है।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम पद पर समरेंद्र सिंह ने नामांकन किया है, हालांकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष तृतीय पद पर अभी तक कोई दावेदार सामने नहीं आया है। कोषाध्यक्ष पद के लिए सीमा शौकत, सहसचिव (पुस्तकालय) पद पर अजय सिन्हा और सहसचिव (प्रशासन) पद पर अभिमन्यु उपाध्याय ने पर्चे भरे हैं।
वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर संजय सिंह कुशवाहा और राजेश प्रताप सिंह ने नामांकन किया है। कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए देवी प्रताप राय और राघवेंद्र साहू मैदान में हैं।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, नामांकन का अंतिम दिन 20 दिसंबर है। नामांकन पत्रों की जांच 22 दिसंबर को होगी, जबकि वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन और नामांकन वापसी 23 दिसंबर को होगी। अंतिम प्रत्याशी सूची 24 दिसंबर को जारी की जाएगी।
मतदान 5 जनवरी 2026 को होगा, जिसमें कुल 1011 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बार संघ परिसर में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है और उम्मीद है कि अंतिम दिन और अधिक प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।
