गाजीपुर में रेल-कम-रोड ब्रिज के एप्रोच का निर्माण शुरू, 52 करोड़ की लागत से 1.26 KM लंबा एप्रोच बनेगा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र में गंगा नदी पर स्थित रेल-कम-रोड ब्रिज के फ्लाई-ओवर के दोनों ओर डबल लेन एप्रोच रोड का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा यह 52 करोड़ रुपये की परियोजना क्रियान्वित की जा रही है।
परियोजना के पहले चरण में पाइलिंग का कार्य प्रारंभ किया गया है। एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक, एप्रोच रोड के निर्माण के लिए लगभग डेढ़ वर्ष की समयसीमा तय की गई है। निर्माण पूरा होने और आवश्यक लोड टेस्टिंग के बाद इसे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि फ्लाई-ओवर के दोनों ओर बनने वाले एप्रोच की कुल लंबाई 1 किलोमीटर 260 मीटर होगी। इसकी प्रस्तावित चौड़ाई 16.100 मीटर है।
इस परियोजना में कुल 24 पीलरों का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए 105 पाइलिंग की जाएगी। अब तक 45 पाइलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। पाइलिंग कार्य पूर्ण होते ही पीलरों और वायडक्ट के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, P-1 साइड पर 3 और P-2 साइड पर 21 पीलरों का निर्माण प्रस्तावित है। फ्लाई-ओवर और एप्रोच को मिलाकर इस परियोजना की कुल लंबाई 3 किलोमीटर 110 मीटर होगी।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि एप्रोच निर्माण का प्रस्ताव लगभग डेढ़ वर्ष पहले 2024 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) को भेजा गया था। 2025 की शुरुआत में इसे स्वीकृति मिली और बजट आवंटित किया गया।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू किया गया। इस परियोजना के लिए सदर और जमानियां तहसील के छह गांवों की लगभग चार हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसमें दर्जनों किसानों की जमीनें शामिल हैं। एप्रोच रोड के निर्माण से कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
इस फ्लाई-ओवर और एप्रोच से 100 टन भार क्षमता तक के भारी वाहन भी आसानी से गुजर सकेंगे, जिससे व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर देवदत्त सिंह ने पुष्टि की कि एप्रोच निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। परियोजना को 2027 तक पूरा कर वाहनों के लिए खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
