Today Breaking News

गाजीपुर में मुख्तार अंसारी का शार्प शूटर साढ़ू तन्नू गिरफ्तार, जज से मांगी सुरक्षा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में थाना मुहम्मदाबाद पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामी शार्प शूटर गौस मुइनुद्दीन उर्फ तन्नू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो सालों से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित था। आरोपी गौस मुइनुद्दीन 2003 के चर्चित उसरी कांड में हुए मनोज राय हत्याकांड का आरोपी है।
यह मामला उस समय जिले में काफी चर्चा में रहा था। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के उरी चट्टी पर मुख्तार अंसारी के काफिले पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें मुख्तार अंसारी की तरफ से दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों तरफ से चली अंधाधुंध फायरिंग में मुख्तार अंसारी बाल-बाल बच गए थे। इस हमले का आरोप मुख्तार अंसारी ने बृजेश सिंह पर लगाया था।

पुलिस के अनुसार गौस मुइनुद्दीन उर्फ तन्नू मरहूम माफिया मुख्तार अंसारी का साढ़ू है। IS-191 गैंग का सक्रिय सहयोगी रहा है। आरोपी पर थाना मुहम्मदाबाद में मुकदमा दर्ज है। उसका स्थायी पता यूसुफपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर बताया गया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गाजीपुर न्यायालय में पेश किया, जहां उसने जज के समक्ष सुरक्षा की मांग की। आरोपी ने पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह से जान का खतरा बताया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजीपुर जेल अधीक्षक को आरोपी की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार आरोपी को जेल भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 
 '