गाजीपुर में गहमर तिहरे हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार, विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गहमर गांव के खेलूराय पट्टी निवासी शैलेश कुमार सिंह पुत्र संतोष सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सेवराई नहर के किनारे सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के पास से घेराबंदी कर पकड़ा।
गहमर पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान शैलेश पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा था। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शैलेश तिहरे हत्याकांड का आरोपी है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार (आला कत्ल) भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
यह घटना 24 दिसंबर की रात गहमर के खेलूराय पट्टी में हुई थी। गांव के बाबूराय पट्टी निवासी सौरभ सिंह, खेमन राय पट्टी निवासी विक्की सिंह और घोपाल राय पट्टी निवासी अंकित सिंह की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को खेलूराय पट्टी के एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने अंजाम दिया था।
इस मामले में विक्की सिंह के भाई विकास सिंह ने 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अब तक पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी अमित सिंह पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जबकि लाखन उर्फ विकास और अरविंद पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शैलेश कुमार सिंह की गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है।
