गाजीपुर कलेक्ट्रेट बार चुनाव संपन्न, शशिकांत अध्यक्ष बने
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाज़ीपुर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के वर्ष 2026 के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए हैं। सोमवार शाम मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर शशिकांत सिंह यादव और महासचिव पद पर सुशील दूबे विजयी घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में शशिकांत सिंह यादव ने 107 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भुवनेश्वर सिंह कुशवाहा को 98 मत मिले। कुल 220 मतों की गिनती की गई। महासचिव पद पर सुशील दूबे ने 107 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कृष्ण मुरारी 110 मतों के साथ निर्वाचित हुए।
उपाध्यक्ष (10 वर्ष से ऊपर) श्रेणी में रविन्द्र नाथ शर्मा को 94 मत और अखिलेश कुमार यादव को 82 मत प्राप्त हुए, दोनों विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद पर मदन सिंह कुशवाहा 104 मतों के साथ निर्वाचित हुए।
सहसचिव प्रशासन पद पर रामविलाश ने 107 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि सहसचिव प्रकाशन पद पर शोभनाथ सिंह यादव 105 मतों के साथ विजयी रहे। सहसचिव पुस्तकालय पद पर रमेश सिंह यादव ने सर्वाधिक 127 मत प्राप्त किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता दशरथ सिंह यादव ने परिणामों की आधिकारिक पुष्टि की।
