गाजीपुर में हाईवे पर दो बाइकें भिड़ीं, तीन लोग गंभीर घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बिरनो थाना क्षेत्र के राजापुर भड़सर पानी टंकी के सामने स्थित गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे का कट हादसों का केंद्र बन गया है। शुक्रवार को इसी कट पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, देवरिया निवासी सलमान अहमद अपनी बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। जब वे उक्त कट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने बिना किसी संकेतक के अचानक वाराणसी-गोरखपुर लेन में मोड़ लिया। इस अचानक मोड़ के कारण दोनों बाइकें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह कट लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। उनका कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा यहां कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर या यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस कट पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
