गाजीपुर में दो कारों से 15 लाख का गांजा जब्त, तस्कर फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में करण्डा थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई में 61.170 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से हुंडई i20 (UP65DB2306) और स्कॉर्पियो (UP50BN0650) के साथ एक सैमसंग टैबलेट भी जब्त किया। हालांकि, दोनों वाहनों में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, सोनहरिया पेट्रोल पंप पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि दो गाड़ियों में अवैध गांजा लदा है और वे नंदगंज से चोचकपुर होते हुए जमानिया की ओर जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहनों का पीछा किया।
पीछा करने के दौरान हुंडई i20 सिकन्दरपुर डिहवा के पास अनियंत्रित होकर फंस गई। वहीं, स्कॉर्पियो दीनापुर सघन सहकारी समिति के सामने बिजली के पोल से टकराकर गिट्टी में जा धंसी। i20 की तलाशी लेने पर उसमें से तीन प्लास्टिक की बोरियों में कुल 59 बंडल गांजा बरामद किया गया।
इस मामले में करण्डा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
