गाजीपुर के किसान से 1.30 लाख की ऑनलाइन ठगी, साइबर सेल जांच में जुटी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र में एक किसान से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।मंगलवार को साइबर अपराधियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर किसान विजय राय से 1 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए। घटना के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन और स्थानीय पुलिस को सूचना दी है।
रामपुर उर्फ साधोपुर गांव निवासी किसान विजय राय मंगलवार को अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को वाराणसी का एक बैंक अधिकारी बताया।
ठग ने विजय राय को बताया कि उनकी खेत से संबंधित फाइल तैयार हो चुकी है और उसे पास कराने के लिए तत्काल धनराशि भेजनी होगी। इस झांसे में आकर किसान ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
कुछ देर बाद जब किसान को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने दोबारा उस नंबर पर कॉल किया, तो आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और रेवतीपुर थाने के साइबर सेल को भी लिखित सूचना दी।सूचना मिलते ही साइबर पुलिस सक्रिय हो गई है।
यह घटना ग्रामीण इलाकों में बढ़ते साइबर अपराधों को उजागर करती है। साइबर अपराधी अब बैंक अधिकारी बनकर या सरकारी फाइल पास कराने का झांसा देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अनजान कॉल पर अपनी ओटीपी या बैंक डिटेल्स साझा न करें और किसी भी भुगतान से पहले संबंधित बैंक शाखा से सत्यापन अवश्य करें। ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
रेवतीपुर थाना के साइबर सेल प्रभारी आबिद अली ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी सर्विलांस और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन पर कार्रवाई की जाएगी।
