Today Breaking News

गाजीपुर में तारीघाट स्टेशन के प्लेटफार्म पर दौड़ रहीं बाइकें, यात्रियों की सुरक्षा खतरे में

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां तहसील अंतर्गत पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में आने वाला तारीघाट रेलवे स्टेशन इन दिनों यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गया है। स्टेशन का प्लेटफार्म अब बाइक और साइकिल सवारों के लिए खुली सड़क जैसा बन गया है, जहां वे बेखौफ होकर स्टंट करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिन हो या रात, युवक प्लेटफार्म पर बाइक और साइकिल से फर्राटा भरते नजर आते हैं। हाल ही में इस तरह की स्टंटबाजी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खड़ी ट्रेन के बेहद करीब खतरनाक करतब करते हुए देखे जा सकते हैं।


सबसे चिंताजनक बात यह है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की निष्क्रियता के चलते स्टंटबाजों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। प्लेटफार्म संख्या एक पर तो लगभग रोज़ाना इस तरह की घटनाएं देखने को मिलती हैं, जबकि प्लेटफार्म संख्या दो पर भी यही स्थिति रहती है।

कई मौकों पर बड़े हादसे होते-होते बचे हैं। प्लेटफार्म पर खड़े यात्री, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे हर वक्त असुरक्षित महसूस करते हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में किसी बड़े रेल हादसे की आशंका बनी हुई है।


गौरतलब है कि रेलवे प्रशासन द्वारा प्लेटफार्म पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद आरपीएफ द्वारा लापरवाही बरती जा रही है।

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी निगरानी, नियमित गश्त और सख्त दंडात्मक कार्रवाई समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि रेलवे प्रशासन अब भी गंभीर नहीं हुआ, तो तारीघाट स्टेशन पर यह स्टंटबाजी किसी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक गणेश सिंह राणा ने बताया कि “समय-समय पर चेकिंग की जाती है। यदि इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों को पकड़ा जाएगा और रेलवे एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
 
 '